इंटर स्कूल जोनल बैंड प्रतियोगिता में लहराया झारखंड का परचम

रांची : समग्र शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को रांची के डोरंडा स्थित जैप ग्राउंड में हुई ।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 Dec 2018 07:46 AM (IST) Updated:Thu, 06 Dec 2018 07:46 AM (IST)
इंटर स्कूल जोनल बैंड प्रतियोगिता में लहराया झारखंड का परचम
इंटर स्कूल जोनल बैंड प्रतियोगिता में लहराया झारखंड का परचम

रांची : समग्र शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को रांची के डोरंडा स्थित जैप ग्राउंड में हुई इंटर स्कूल जोनल बैंड प्रतियोगिता में झारखंड का दबदबा रहा। बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में झारखंड की टीमें शानदार बैंड प्रस्तुत करते हुए विजेता बनीं। दोनों वर्ग में ओडिशा और बिहार की टीम क्रमश: दूसरे तथा तीसरे स्थान पर रही।

इस जोनल प्रतियोगिता में तीन राज्यों की ही टीमें शामिल हो सकीं। पश्चिमी बंगाल तथा अंडमान निकोबार की टीम इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकी। दोपहर बारह बजे शुरू हुई बैंड प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व बालक वर्ग में डब्ल्यू जॉन मल्टीपर्पस स्कूल नगड़ी-रांची तथा बालिका वर्ग में संत अन्ना हाई स्कूल मांडर-रांची की टीम ने किया। दोनों स्कूलों की बैंड टीम ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से निर्णायक मंडल तथा तमाम अतिथियों का मन मोह लिया।

इससे पहले, प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक सह झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक उमाशंकर सिंह ने कहा कि बैंड प्रतियोगिता हार-जीत का नहीं, बल्कि अनुशासन का प्रदर्शन है। मौके पर धीरसेन सोरेंगे, रेणुका तिग्गा, संजय कुमार आदि उपस्थित थे।

जोनल प्रतियोगिता की दोनों विजेता टीमें 21 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होनेवाली राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। बता दें कि डब्ल्यू जॉन मल्टीपर्पस स्कूल की टीम पिछले साल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेते हुए झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए बालक वर्ग में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। इस बार जोनल स्तरीय प्रतियोगिता पहले पटना में आयोजित होनेवाली थी, लेकिन बिहार ने ऐन वक्त पर आयोजन से इन्कार कर दिया। इसके बाद केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने इसकी जिम्मेदारी झारखंड को दे दी। झारखंड में राज्य स्तरीय इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता 19-20 नवंबर को हुई थी। इसमें बालक तथा बालिका दोनों वर्गो में रांची जिले के ही दोनों स्कूल विजेता रहे थे।

------------

जैप के पदाधिकारी थे निर्णायक मंडल में

निर्णायक मंडली में झारखंड आ‌र्म्ड पुलिस के पदाधिकारी रवींद्र राम, दिवाकर लामा तथा उमेश थापा थे। टीम के प्रदर्शन का मूल्यांकन उनके वेश और वाद्य यंत्र, तीव्र और धीरे मार्च, रचना, धुन की गुणवत्ता आदि पर हुआ। मूल्यांकन के लिए अधिकतम 100 अंक रखे गए थे।

chat bot
आपका साथी