Hartalika Teej 2021: रांची में तीज पर पांच करोड़ का व्यापार होने का अनुमान

तीज पर्व को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ी हुई है। साड़ी-कपड़ा शृंगार और पूजा पाठ के सामान की बिक्री काफी तेजी से हो रही है। बड़े थोक बाजार से लेकर गांव कस्बों के छोटे बाजारों तक में रौनक है।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Tue, 07 Sep 2021 07:20 AM (IST) Updated:Tue, 07 Sep 2021 10:03 AM (IST)
Hartalika Teej 2021: रांची में तीज पर पांच करोड़ का व्यापार होने का अनुमान
Hartalika Teej 2021: रांची में तीज पर पांच करोड़ के व्यापार होने का अनुमान। जागरण

रांची, जासं। तीज पर्व को लेकर बाजार में चहल-पहल बढ़ी हुई है। साड़ी-कपड़ा, शृंगार और पूजा पाठ के सामान की बिक्री काफी तेजी से हो रही है। बड़े थोक बाजार से लेकर गांव कस्बों के छोटे बाजारों तक में रौनक है। हालांकि विक्रेता बता रहे हैं कि कोरोना संक्रमण के कारण लोगों की आय पर बड़ा फर्क पड़ा है। इसका असर बाजार पर देखने को मिला है। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण बाजार बिल्कुल ठप था। हालांकि इस वर्ष संक्रमण का स्तर कम होने से बाजार में लोग निकल रहे हैं। अपर बाजार के थोक व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष तीज को लेकर रांची के बाजार में पांच करोड़ के व्यापार का अनुमान है।

होम सर्विस की मांग बढ़ी

लालपुर में नैचुर्लस के संचालक गौरव बताते हैं कि तीज से लेकर पूरे त्योहार तक लोगों की भीड़ बाजार सैलून में देखने को मिलती थी। इस बार थोड़ी भीड़ कम है। लोग इस बार होम सर्विस लेना पसंद कर रहे हैं। हालांकि छोटे पार्लरों में पहले की तरह की महिलाएं पहुंच रही है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग स्थानों पर मेहंदी लगाने की भी बुकिंग काफी हुई है। ज्यादातर महिलाएं मंगलवार को मेहंदी लगवा रही हैं।

क्या कहती है महिलाएं

कोरोना संक्रमण के कारण पिछले वर्ष तीज की खरीदारी सही से नहीं हो सकी थी। किसी तरह केवल पूजा का सामान खरीदकर व्रत किया था। इस बार बेहतर खरीदारी की है। -दुर्गा, कोकर

पिछले वर्ष संक्रमण के कारण बाजार नहीं जा पायी थी। इस वर्ष महंगाई ने हाथ तंग कर दिया है। हर चीज का दाम दो से तीन गुणा महंगा हो गया है। साधारण दान का शृंगार पैकेट 20 रूपये का आता था। इस वर्ष 30 रुपये से कम में नहीं है। -रमा, बरियातु

कई वर्षों से तीज का व्रत कर रही हूं। मगर संक्रमण और महंगाई के कारण इस वर्ष बाजार में खरीदारी करने में सोचना पड़ रहा है। हर छोटी-बड़ी चीज का दाम बढ़ गया है। दुकानदार भी परेशान है। -क्षमा, बूटी मोड़

बाजार में लोगों की भीड़ तो दिख रही है। मगर खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या काफी कम है। लोगों की आय नहीं बढ़ी है। मगर महंगाई इतनी बढ़ गयी है कि घर संभालना मुश्किल हो रहा है। -जूही, कांके

कोरोना संक्रमण के कारण मैंने इस बार तीज में आनलाइन शापिंग का विकल्प चुना है। आनलाइन सामान में डिस्काउंट भी बेहतर मिल रही है। वहां से पूजा का सामान से लेकर कपड़ों तक की खरीदारी की है। -नेहा, कोकर

तीज को लेकर मैं काफी पहले से उत्साहित थी। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण तेज होने के कारण केवल नियम पूरा किया था। मगर इस बार बेहतर तरह से पूजा करूंगी। हालांकि सभी सामान की कीमत काफी बढ़ गयी है। -सांध्वी, बूटी

क्या कहते हैं दुकानदार

पिछले वर्ष की तुलना में लोगों की भीड़ बाजार में ज्यादा देखने को मिल रही है। कोरोना संक्रमण के कारण लोगों की आय पर पड़ा असर और महंगाई का असर भी बाजार पर दिख रहा है। -राहुल गुप्ता, महावीर चौक

बाजार में लोगों की भीड़ दिख रही है। मगर खरीदारी कम हो रही है। विभिन्न कारणों से चीजें महंगी हुई है। मगर लोगों की आय नहीं बढ़ी है। इसका असर तो बाजार पड़ना तय है। -बिट्टू, अपर बाजार

पहले जो लोग सौ रुपये की खरीदारी कर रहे थे, अब भी सौ रुपये ही खर्च कर रहे हैं। हालांकि महंगाई के कारण अब सौ रुपये में सामान कम आ रहे हैं। लिहाजा बिक्री कम है। -संजय गुप्ता, गांधी चौक

कोरोना से पहले के बाजार को कोरोना के बाद के बाजार के मिलाना पूरी तरह से गलत है। केवल व्यापारी नहीं आमलोग भी संक्रमण के कारण आर्थिक क्षति का शिकार हुए हैं। बाजार को संभलने का वक्त देना होगा। -मृत्युंजय महतो, महावीर चौक

कोरोना की दूसरी लहर खत्म हो गई है। मगर तीसरी आने वाली है। ऐसे में लोग अभी भी संभलकर अपने बुरे दिनों के लिए पैसे बचाकर खर्च कर रहे हैं। हालांकि पिछले वर्ष के मुकाबले बाजार बेहतर है। -सुभाष, कोकर

chat bot
आपका साथी