ADG के इकलौते बेटे की मौत का राज खोलेगा एफएसएल, कटक में अंतिम संस्‍कार

Suicide. जैप की एडीजी तदाशा मिश्र के इकलौते बेटे अतेंद्र अन्‍वेष की मौत के मामले में एसएफएल हैंडवाश, फिंगर प्रिंट आदि की जांच कर रहा है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 30 Dec 2018 12:51 PM (IST) Updated:Sun, 30 Dec 2018 12:51 PM (IST)
ADG के इकलौते बेटे की मौत का राज खोलेगा एफएसएल, कटक में अंतिम संस्‍कार
ADG के इकलौते बेटे की मौत का राज खोलेगा एफएसएल, कटक में अंतिम संस्‍कार

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) की नवनियुक्त एडीजी तदाशा मिश्र के इकलौते बेटे अतेंद्र अन्वेष (28) ने खुदकशी की थी या दुर्घटना में गोली चलने से उनकी मौत हुई। इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। रांची पुलिस को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट का इंतजार है। अतेंद्र के हैंडवाश व फिंगर प्रिंट सहित फोरेंसिक साक्ष्य की रिपोर्ट ही यह बताएगी कि अतेंद्र ने खुदकशी की या हथियार देखने के क्रम में गोली चलने से उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि शुक्रवार को टाटीसिलवे के महिलौंग स्थित आवास से एयरपोर्ट के लिए निकले अतेंद्र अन्वेष की सरकारी स्कार्पियो में ही गोली लगने से मौत हो गई थी। हथियार एडीजी के अंगरक्षक दिलीप कुमार सिन्हा का था, जिसे अतेंद्र देखने के लिए मांगे थे। लापरवाही के आरोप में अंगरक्षक दिलीप कुमार सिन्हा को एसएसपी अनिश गुप्ता ने निलंबित कर दिया है।

कटक में हुआ अंतिम संस्कार : एडीजी तदाशा मिश्र के इकलौते बेटे अतेंद्र अन्वेष के शव का अंतिम संस्कार ओडिशा के कटक में हुआ। इसमें रांची पुलिस के कई बड़े अधिकारी कटक गए थे। एडीजी की एक बहन आंध्र प्रदेश की आइपीएस अधिकारी हैं। उनके रिश्तेदार व परिजन भी अतेंद्र की अंत्येष्टि में शामिल हुए।

आज लौटेगी रांची पुलिस की स्कॉट टीम : अतेंद्र का शव सड़क मार्ग से कटक ले जाया गया था। उनके शव को रांची पुलिस की एक टीम स्कॉट कर कटक तक ले गई थी। अंतिम संस्कार कार्यक्रम के बाद पुलिस की टीम रांची रवाना हो चुकी है। रविवार की सुबह तक टीम वापस आ जाएगी।

chat bot
आपका साथी