खाद की कालाबाजारी, छापामारी के बाद एक दर्जन एफआइआर

रांची : झारखंड में खाद (यूरिया) की कालाबाजारी हो रही है। शिकायत मिलने के बाद सरकार ने इो गंभीरता से लिया और छापामारी अभियान चलाकर 12 एफआइआर किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Oct 2018 07:33 AM (IST) Updated:Mon, 01 Oct 2018 07:33 AM (IST)
खाद की कालाबाजारी, छापामारी के बाद एक दर्जन एफआइआर
खाद की कालाबाजारी, छापामारी के बाद एक दर्जन एफआइआर

रांची : झारखंड में खाद (यूरिया) की कालाबाजारी हो रही है। शिकायत मिलने के बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। रांची समेत राज्य के एक दर्जन जिलों में शनिवार व रविवार को छापामारी अभियान चलाया गया। खाद का अवैध कारोबार करने वालों पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। जांच-पड़ताल के क्रम में पाया गया कि कई कारोबारी बिना लाइसेंस के ही खाद और बीज की बिक्री कर रहे थे, वहीं 266 रुपये की यूरिया 360 रुपये तक में बेची जा रही थी। राज्यभर में कुल 199 ठिकानों पर छापामारी अभियान चलाया गया और तत्काल प्रभाव से एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कृषि विभाग का यह अभियान अगले कुछ सप्ताह तक जारी रहेगा।

बता दें कि मुख्यमंत्री जनसंवाद में इस बाबत शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आलोक में इस मामले में कृषि विभाग को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। झाविमो विधायक प्रदीप यादव ने भी मुख्यमंत्री रघुवर दास को व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर इसकी शिकायत की थी। छापेमारी के क्रम में कृषि निदेशक रमेश घोलप के नेतृत्व में रांची के टाटीसिलवे में गंगोत्री इंडस्ट्रीज नामक विनिर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां जिंक, बोरान और विभिन्न प्रकार के कीटनाशक का विनिर्माण किया जा रहा था। प्रतिष्ठान के संचालक को गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए सख्त निर्देश दिए गए। परिसर में उपलब्ध कृषि उत्पादों का सैंपल लिया गया, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर और दोषी होने की स्थिति में उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक, उप कृषि निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। जबकि अन्य जिलों में जिला कृषि पदाधिकारी और संयुक्त कृषि निदेशक के स्तर पर यह अभियान चलाया गया। ये मामले सामने आए

- रांची जिला के रातू प्रखंड के बिजुलिया ग्राम एक वितरक के यहां छापामारी की गई। पाया गया कि मनोज मिश्रा द्वारा बिना लाइसेंस के खाद ब्रिकी की जा रही थी।

- रांची के काठीटांड में जांच के क्रम में पाया गया कि मेसर्स अमित कृषि केंद्र द्वारा खाद के उठाव का लेखा-जोखा सही रूप से नहीं पाया गया। इनके खिलाफ रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

- रांची के नगड़ी जिले के एडचोरो ग्राम में मेसर्स शोभा खाद बीज भंडार जिसके संचालक दीपक कुमार महतो हैं में भी बिना लाइसेंस के खाद एवं बीज की बिक्री की जा रही थी। इनके प्रतिष्ठान को सील करते हुए नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

- लोहरदगा के भंडरा प्रखंड के साहू इंटरप्राइजेज के गोदाम से इफको का 20 बोरा उर्वरक बिना किसी कागजात के ट्रैक्टर पर पाए जाने के कारण पूछताछ की गई। इस दौरान उनके द्वारा कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। मामला संदेहास्पद पाए जाने के कारण ट्रैक्टर को खाद सहित थाने में सुपुर्द करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

- साहिबगंज के बरहेट प्रखंड में मेसर्स दुर्गा फर्टिलाइजर, विनय कुमार डोकनिया द्वारा यूरिया उर्वरक के निर्धारित मूल्य प्रति बोरा 266 रुपये के स्थान पर 360 रुपये में बिक्री किए जाने के कारण थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

कहां कितने स्थानों पर छापेमारी

रांची - 5

हजारीबाग - 8

रामगढ़ - 10

धनबाद - 9

चतरा - 4

गिरिडीह - 12

बोकारो - 17

कोडरमा - 1

दुमका - 15

साहिबगंज - 18

पाकुड़ - 20

जामताड़ा - 15

देवघर - 50

गोड्डा - 15

कुल : 199

chat bot
आपका साथी