Dr. KK Sinha Neurologist: डॉ केके सिन्हा के अंतिम संस्‍कार में पहुंचे आम और खास

Dr. KK Sinha Neurologist. जाने-माने न्यूरो फिजिशियन डॉ. केके सिन्हा का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। इस मौके पर शहर के गणयमान्य लोग उपस्थित थे।

By Edited By: Publish:Mon, 29 Apr 2019 06:45 AM (IST) Updated:Mon, 29 Apr 2019 03:24 PM (IST)
Dr. KK Sinha Neurologist: डॉ केके सिन्हा के अंतिम संस्‍कार में पहुंचे आम और खास
Dr. KK Sinha Neurologist: डॉ केके सिन्हा के अंतिम संस्‍कार में पहुंचे आम और खास

जागरण संवाददाता, रांची : जाने-माने न्यूरो फिजिशियन डॉ. केके सिन्हा का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट में दाह संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र हेमंत सिन्हा ने दी। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके परिचित व चाहने वाले घर से लेकर घाट तक मौजूद रहे। घर में दस बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था।

12 बजे के करीब बेटी के विदेश से पहुंचने के बाद अंतिम यात्रा निकली। बूटी रोड स्थित उनके आवास मानसरोवर में भाजपा नेता अजय मारू, रवींद्र राय, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रमेश पांडेय, राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जयनंदू के अलावा डॉक्टर्स वाइव्स एसोसिएशन के सदस्यों के अलावा कई लोग उपस्थित थे।

अंतिम दर्शन को उमड़े लोग डॉ. केके सिन्हा की अंतिम यात्रा से पूर्व उनके अंतिम दर्शन के लिए लोग घर पर सुबह से ही पहुंचने लगे थे। हर वर्ग और हर उम्र के लोगों का जमावड़ा लगा रहा। अंतिम यात्रा को तय समय से निकालने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन एक बेटी के नहीं पहुंच पाने की वजह से 25 मिनट की देरी से घाट के लिए निकला गया। घर से निकलने के बाद पार्थिव शरीर को उनके एडवांस डाइग्नोसिस सेंटर ले जाया गया। इसके बाद चेशायर होम रोड से शव वाहन से नामकुम घाट तक ले जाया गया।

डॉ. केके सिन्हा अमर रहे..से गूंजा मानसरोवर

सवा बारह बजे पार्थिव शरीर को घाट ले जाने से पूर्व घर के प्रवेश द्वार पर रखा गया था। परिवार के सदस्य पुष्प अर्पित कर रहे थे। इस दौरान डॉ. केके सिन्हा अमर रहे के नारे से सारा मानसरोवर कैंपस गूंज उठा। कैंपस में मौजूद लोगों के अलावा सड़क पर गुजर रहे लोग भी डॉ. केके सिन्हा को प्रणाम कर रहे थे। अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित हुए। पूरे रास्ते लोग केके सिन्हा अमर रहे केके सिन्हा अमर रहे के नारे लगा रहे थे। डॉ. केके सिन्हा की बेटी सहित परिवार की कई महिला सदस्य भी नामकुम घाट तक पहुंची।

घाट पर भी उमड़ी भीड़ नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट पर भी काफी संख्या में लोग मौजूद थे। यहां राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, साहित्यकार डॉ. महुआ माजी, वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त, डॉ. डीके झा, कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय, नगर आयुक्त मनोज कुमार सहित शहर के तमाम चिकित्सक उपस्थित थे।

बेटी के पहुंचते ही गमगीन हो गया था माहौल डॉ. केके सिन्हा की बेटी के घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पार्थिव शरीर से लिपट कर मां और बेटी के निकलते आंसुओं ने मौजूद लोगों की आंखों को नम कर दिया। हर जुबां पर बस डॉ. केके सिन्हा की स्मृतियों के ही चर्चे हो रहे थे। कोई उनके व्यवहार की चर्चा कर रहा था तो कोई पास मौजूद व्यक्ति को उनकी उपलब्धियों से अवगत करा रहा था। गांव से आये उनके परिजनों ने कंधा देकर एडवांस्ड डाइग्नोस्टिक सेंटर पार्थिव शरीर को लाया।

chat bot
आपका साथी