Constitution Day: मुख्य सचिव बोले, राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोता है संविधान

Constitution Day. झारखंड सरकार के संस्थानों झारखंड मंत्रालय सूचना भवन/मुख्यमंत्री सचिवालय में संविधान दिवस मनाया गया।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 26 Nov 2019 03:59 PM (IST) Updated:Tue, 26 Nov 2019 07:46 PM (IST)
Constitution Day: मुख्य सचिव बोले, राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोता है संविधान
Constitution Day: मुख्य सचिव बोले, राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोता है संविधान

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। संविधान दिवस के मौके पर झारखंड मंत्रालय परिसर में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में  मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी के साथ अफसरों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना दोहराई। मुख्य सचिव ने इस दौरान 11 मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोता है। देश के हर व्यक्ति को चाहिए कि वह संविधान से मिले मौलिक दायित्वों का निवर्हन और उपयोग करे। इसे केंद्र में रखकर अगले एक साल तक तयशुदा कैलेंडर के तहत जागरूकता अभियान चलाकर अंतिम व्यक्ति तक को मौलिक कर्तव्यों से अवगत कराया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि यह हमारा संविधान ही है, जिससे मजबूत लोकतंत्र और अखंड भारत का निर्माण हुआ। भारत का संविधान सभी लोगों के लिए समान कानून और समान अधिकार का आधार है। अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव सह वित्त सचिव केके खंडेलवाल, प्रधान सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग एपी सिंह, प्रधान सचिव विधि विभाग प्रदीप श्रीवास्तव, कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह सहित झारखंड सचिवालय के सभी वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ ली।

मौलिक दायित्वों के साथ जिम्मेदारी का बोध कराता है संविधान : इंदु शेखर

संविधान दिवस के मौके पर डोरंडा स्थित सचिवालय में भी संविधान दिवस का आयोजन हुआ। अपर मुख्य सचिव इंदु शेखर चतुर्वेदी ने इस मौके पर कहा कि संविधान देश की आत्मा है। हमारा संविधान देश के नागरिकों को सिर्फ मौलिक अधिकार ही नहीं देता है, बल्कि मौलिक दायित्वों की जानकारी के साथ-साथ जिम्मेदारी का बोध भी कराता है। अपर मुख्य सचिव जल संसाधन, स्वास्थ्य सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता सचिव आदि ने कार्यक्रम में शिरकत की।

अधिकार एवं स्वतंत्रता की बात करता है संविधान : डाॅ. सुनील वर्णवाल

सूचना भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डाॅ. सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि संविधान अधिकार एवं स्वतंत्रता की बात करता है। यह बड़ा मार्गदर्शक है। यह हमारी जिम्मेदारी तय करता है। संविधान में अंकित 11 मौलिक कर्तव्यों को मानस पटल पर रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज का दिन यह संकल्प लेने का दिन है कि हम पूरे साल संविधान की निष्ठा बनाए रखेंगे।

पुलिस अफसरों ने ली संविधान के प्रस्तावना की शपथ

संविधान दिवस पर पुलिस मुख्यालय में डीजीपी कमल नयन चौबे ने पुलिस अफसरों और कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान पूरा पुलिस मुख्यालय परिसर 'हम भारत के लोग भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथ निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को...', के वाचन से गूंज उठा। डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, एडीजी विशेष शाखा अजय कुमार सिंह, एडीजी अभियान मुरारी लाल मीणा, एडीजी आधुनिकीकरण आरके मल्लिक, आइजी एनआइए दिल्ली आशीष बत्रा, डीआइजी विशेष शाखा अखिलेश कुमार झा आदि ने कार्यक्रम में शिरकत की।

chat bot
आपका साथी