कालेबिरा में कांग्रेस की जीत से दिलचस्‍प होता दिख रहा चुनावी मुकाबला, कोंगाड़ी ने ली शपथ

Congress. कोलेबिरा उपचुनाव में जीत से कांग्रेस में जश्न का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने इसके लिए कोलेबिरा की जनता को धन्यवाद दिया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Mon, 24 Dec 2018 03:06 PM (IST) Updated:Mon, 24 Dec 2018 08:36 PM (IST)
कालेबिरा में कांग्रेस की जीत से दिलचस्‍प होता दिख रहा चुनावी मुकाबला, कोंगाड़ी ने ली शपथ
कालेबिरा में कांग्रेस की जीत से दिलचस्‍प होता दिख रहा चुनावी मुकाबला, कोंगाड़ी ने ली शपथ

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। कोलबिरा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने सोमवार को विधानसभा स्‍पीकर दिनेश उरांव के कक्ष में शपथ ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व विधायक एनोस एक्‍का की पत्‍नी मेनोन एक्‍का को समर्थन देने वाले झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन, झाविमो के महासचिव प्रदीप यादव और कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार भी मौजूद रहे।

इधर कोलेबिरा उपचुनाव में जीत से कांग्रेस में जश्न का माहौल है। इस जीत से जहां आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मुकाबला दिलचस्‍प होता दिख रहा है, वहीं झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन की अगुआई में झारखंड का चुनाव लड़ने के कांग्रेस की पुरानी घोषणा भी पिछले पांव पर जाती दिख रही है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने इसके लिए कोलेबिरा की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह परिणाम भाजपा के कुशासन और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। कोलेबिरा का संदेश पूरे राज्य में पहुंच चुका है। उन्होंने इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों को भी धन्यवाद दिया है। कहा, यह परिणाम आगे की रणनीति तय करेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के संयोजक सुबोधकांत सहाय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व और नीतियों के प्रति जनता के भरोसे का प्रतीक यह परिणाम है। चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे सुबोध ने कहा कि जनता ने इस जीत के माध्यम से जता दिया है कि कांग्रेस की अगुवाई में परिवर्तन की लहर शुरू हो गई है। भाजपा ने महज लफ्फाजी करके पूरे देश को गुमराह किया लेकिन लोग हकीकत जान चुके हैं।

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने जनता को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा को एक बार फिर लोगों ने नकार दिया है। यह जीत शासन के खिलाफ लोगों का आक्रोश है। पार्टी प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि जनता ने राहुल गांधी की नीतियों पर विश्वास जताया है। 2014 के बाद कांग्रेस तीन उपचुनाव अपने बूते लड़ी है और तीनों में जीत हासिल कर चुकी है।

प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि झारखंड की जनता ने लोहरदगा के बाद कोलेबिरा में परिणाम देकर साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं है। भाजपा ने पूरी ताकत और तंत्र को लगाया लेकिन उसे हार का मुंह देखना पड़ा। प्रवक्ता लालकिशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह परिणाम लोकसभा और विधानसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस के पक्ष में शुभ संकेत दे रहा है। कार्यकर्ता नई ऊर्जा और विश्वास के साथ संगठन को मजबूत करेंगे।

राजद ने कहा-जनता ने भाजपा को नकारा : राजद प्रवक्ता मनोज कुमार ने कोलेबिरा उपचुनाव में भाजपा की हार पर कहा कि एक बार फिर भाजपा को  जनता ने नकार दिया है। जनता ने इस जुमलेबाजों की सरकार को सबक सिखाना प्रारंभ कर दिया है। जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा झूठे वादे और झूठे भरोसे देने के अलावा गरीब जनता को कुछ भी नहीं दे सकती है। लोग इनके झूठ से ऊब चुके हैं। अगले चुनाव में भाजपा का देश और राज्य से सफाया हो जाएगा। 

chat bot
आपका साथी