झारखंड में 1930 पदों के लिए पंचायत उपचुनाव नवंबर-दिसंबर में, नगरपालिका के रिक्तपदों पर भी चुनाव कराने की तैयारी

झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव नवंबर-दिसंबर में कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Aug 2018 11:04 AM (IST) Updated:Wed, 22 Aug 2018 11:04 AM (IST)
झारखंड में 1930 पदों के लिए पंचायत उपचुनाव नवंबर-दिसंबर में, नगरपालिका के रिक्तपदों पर भी चुनाव कराने की तैयारी
झारखंड में 1930 पदों के लिए पंचायत उपचुनाव नवंबर-दिसंबर में, नगरपालिका के रिक्तपदों पर भी चुनाव कराने की तैयारी

राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव नवंबर-दिसंबर में कराए जाने की तैयारी है। चुनाव तीनों स्तर पर रिक्तपड़े पंचायत प्रतिनिधियों के 1930 पदों के लिए कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के पास फिलहाल रिक्तियों का यह ब्योरा नवंबर-2017 तक का है।

आयोग ने जिलों से 31 जुलाई 2018 तक की रिक्तियों का ब्योरा तलब किया है। लिहाजा इस संख्या में बढ़ोतरी संभव है। पंचायत उपचुनाव के साथ ही राज्य में शहरी स्थानीय निकायों के रिक्तपड़े पदों पर भी उपचुनाव कराए जाने की तैयारी है। आयोग ने निकायों में रिक्त पड़े पदों की भी जानकारी जिलों से मांगी है। आयोग के सूत्रों के अनुसार चुनाव एक जनवरी 2018 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची के अनुसार कराए जाएंगे।

आयोग के सूत्रों के अनुसार जिलों से जैसे ही रिक्तियों की अद्यतन जानकारी मिलेगी, मतदाता सूची की स्क्रूटनी और मतदान केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद चुनाव की तिथियों की अनुशंसा सरकार के माध्यम से राज्यपाल को भेजी जाएगी।

सभी प्रत्याशियों को नहीं देना होगा खर्च का ब्योरा

उपचुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी प्रत्याशियों को खर्च का ब्योरा नहीं देना होगा। सिर्फ उन्हीं प्रत्याशियों को यह ब्योरा देना होगा, जो विजेता रहे हैं। अबतक चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों के लिए यह आवश्यक था। अब चुनाव में शिकस्त खाने वाले, नाम वापस लेने वाले, किसी तकनीकी अड़चनों के कारण नामांकन रद कर दिए जाने आदि स्थिति में उन्हें यह ब्योरा नहीं देना होगा।

किस पद के लिए कितनी रिक्तियां

ग्राम पंचायत सदस्य के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 1826 पद रिक्त हैं। इनमें से सर्वाधिक 308 पद पूर्वी सिंहभूम में रिक्तहैं। रिक्तियों के मामले में दूसरे पायदान पर रांची और तीसरे स्थान पर सरायकेला-खरसावां है, जहां रिक्तियों की संख्या क्रमश: 162 और 161 है। इसी तरह मुखिया के 46 तथा पंचायत समिति सदस्य के 58 पद झारखंड में रिक्तहैं।

साल के अंत तक पूरी होगी निर्वाचन प्रक्रिया

त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्तपदों पर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। 2018 के अंत तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जिलों को इस बाबत आवश्यक दिशानिर्देश भेजा गया है। रिक्तियों का ब्योरा मांगा गया है।

ज्ञानेंद्र कुमार

सचिव, झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग

chat bot
आपका साथी