झारखंडः पेट्रोल व डीजल पर वैट कम करने को भाजपा ने सरकार पर बनाया दबाव

झारखंड प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि यदि अन्य भाजपा शासित राज्य पेट्रोल-डीजल पर वैट की कटौती कर रहे हैं तो यहां भी होना चाहिए।

By Edited By: Publish:Thu, 13 Sep 2018 12:38 PM (IST) Updated:Thu, 13 Sep 2018 03:54 PM (IST)
झारखंडः पेट्रोल व डीजल पर वैट कम करने को भाजपा ने सरकार पर बनाया दबाव
झारखंडः पेट्रोल व डीजल पर वैट कम करने को भाजपा ने सरकार पर बनाया दबाव

रांची, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा ने झारखंड में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार पर वैट घटाने का दबाव बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि यदि अन्य भाजपा शासित राज्य पेट्रोल-डीजल पर वैट की कटौती कर रहे हैं तो यहां भी होना चाहिए। उन्होंने इस मसले पर मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात भी की। इससे पूर्व गिलुवा ने यह भी कहा कि केंद्र की सरकार जल्द ही पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने पर विचार कर रही है। ऐसा होने से इनकी कीमतें कम हो जाएंगी।

लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक 15 सितंबर को रांची के हरमू के कॉर्निवाल हॉल में होगी। इससे एक दिन पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें कार्यसमिति के एजेंडों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। गिलुवा ने 15 सितंबर से शुरू होने वाले स्वच्छता ही सेवा है, अभियान के बारे में भी जानकारी दी। कहा, इस दौरान बूथ से लेकर प्रदेश स्तर पर सफाई कार्यक्रम चलाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को 9.30 बजे खुद अभियान का शुभारंभ करेंगे। सभी एक घंटा निकाल कर सफाई अभियान चलाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 से 25 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। इसके अलावा 16 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मासिक पुण्यतिथि के एक माह पूरे होने के मौके पर राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में काव्यांजलि पाठ किया जाएगा।

लक्ष्मण गिलुवा ने 23 सितंबर से शुरू हो रही देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत की भी जानकारी दी। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को रांची के प्रभात तारा मैदान से इस योजना का शुभारंभ करेंगे। देशभर के 50 करोड़ लोगों और झारखंड के 57 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रवक्ता जेबी तुबिद और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

आजसू के हालिया तेवरों से जुड़ी बात ऊपर तक गई है : प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि आजसू से भाजपा का गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। कहा, हमारी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है, ऐसे निर्णय दिल्ली में ही लिए जाते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आजसू के हालिया तेवरों से जुड़ी बात ऊपर तक चली गई है। गोमिया और सिल्ली चुनाव में क्या हुआ सभी ने देखा। गिलुवा ने जदयू के साथ गठबंधन को भी राष्ट्रीय स्तर का बताते हुए किसी टिप्पणी से परहेज किया।

सीएम से मिल कर कटौती का किया अनुरोध : प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने बुधवार को 12.30 बजे प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से भाजपा शासित राज्यों में पेट्रोल-डीजल पर वैट की कटौती करने का हवाला देते हुए झारखंड में भी इसे लागू करने का अनुरोध किया।

chat bot
आपका साथी