भाजपा का संकल्प; सत्ता और संगठन के समन्वय से सधेगा मिशन 2019 का गोल

सत्ता और संगठन के दम पर बीजेपी मिशन 2019 को साधने में जुट गई है।

By Edited By: Publish:Sun, 02 Sep 2018 11:34 AM (IST) Updated:Sun, 02 Sep 2018 12:49 PM (IST)
भाजपा का संकल्प; सत्ता और संगठन के समन्वय से सधेगा मिशन 2019 का गोल
भाजपा का संकल्प; सत्ता और संगठन के समन्वय से सधेगा मिशन 2019 का गोल

रांची, राज्य ब्यूरो। सत्ता और संगठन के समन्वय से मिशन 2019 का गोल साधने की तैयारी प्रदेश भाजपा ने शुरू कर दी है। संगठन के बूथ स्तरीय ढांचे को मजबूत करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनों तक पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य है। प्रदेश भाजपा ने प्रमंडलीय और लोकसभा प्रभारियों को इस अहम जिम्मेदारी को सौंपने के साथ-साथ हाल ही में विधानसभावार कोर कमेटियों का गठन किया है। विधानसभा कोर कमेटियों को बूथ से जुड़े अधूरे टास्क को पूरा करने की जवाबदेही सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और मुख्यमंत्री रघुवर दास के स्तर से पिछले सप्ताह सभी प्रमंडलों में विधानसभा कोर कमेटियों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया गया है। अब सितंबर के पहले सप्ताह में सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के बड़े सम्मेलन की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को चीन दौरे पर रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने लोकसभा प्रभारियों के साथ बैठक कर सितंबर के पहले सप्ताह में इन बैठकों को करने का निर्देश दिया है।

अमित शाह के टास्क पूरा करने पर जोर : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने रांची प्रवास के दौरान सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए वर्क प्लान प्रदेश भाजपा को सौंपा था। प्रदेश भाजपा को बूथ स्तर पर 19 तरह के टास्क पूरे करने हैं।

इनमें सभी बूथों पर कमेटियों का गठन, बूथ स्तर पर स्मार्ट फोन और मोटरसाइकिल रखने वाले कार्यकर्ताओं का ब्योरा और सक्रिय विपक्ष के नेताओं के बारे में मोबाइल नंबर सहित जानकारी मांगी गई है। बता दें कि झारखंड में 29500 बूथ हैं जिनमें 25 हजार बूथों पर भाजपा ने अपना संगठन खड़ा कर लिया है। शेष बूथों पर पार्टी का ढांचा खड़ा करने के लिए सितंबर तक की मियाद तय की गई है।

chat bot
आपका साथी