भाजपा की बिरसा मुंडा विश्वास रैली आज... रांची में जुटेंगे 50 हजार जनजातीय लोग... राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे संबोधित

Birsa Munda Vishwas Rally भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली को रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा के स्वागत की भव्य तैयारी की गई है। भाजपा ने दावा किया है कि यह रैली ऐतिहासिक होगी।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Sat, 04 Jun 2022 08:24 PM (IST) Updated:Sat, 04 Jun 2022 08:26 PM (IST)
भाजपा की बिरसा मुंडा विश्वास रैली आज... रांची में जुटेंगे 50 हजार जनजातीय लोग... राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे संबोधित
Jharkhand BJP Rally: भाजपा की बिरसा मुंडा विश्वास रैली को संबोधित करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा।

रांची, राज्य ब्यूरो। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रकृति के पूजक और उसकी रक्षा करने वाले आदिवासी समाज से रिश्तों की डोर को और मजबूती से जोड़ने की कोशिश भाजपा ने धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली के माध्यम से की है। रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार को पर्यावरण दिवस पर होने वाली रैली में पचास हजार जनजातीय समाज के लोगों के जुटने का दावा भाजपा की ओर से किया गया है। विश्वास रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बतौर मुख्य अतिथि जनजातीय समाज से संवाद करेंगे।

दीपक प्रकाश ने साझा की तैयारियों की जानकारी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में रैली की तैयारियों से जुड़ी जानकारी मीडिया से साझा की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि पांच जून को पर्यावरण दिवस पर होने वाला धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली ऐतिहासिक होगी। प्रकृति की पूजा और रक्षा करने वाले आदिवासी समाज की बड़ी जन भागीदारी इस रैली में देखने को मिलेगी। इस विशाल रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता होंगे।

सुबह 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

दीपक प्रकाश ने बताया कि जेपी नड्डा जी 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां रांची महानगर के कार्यकर्ता सांस्कृतिक एवं पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन करेंगे। एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक सात स्थानों पर विभिन्न मोर्चा के द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। इसी बीच बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष माल्यार्पण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में 32 जनजाति समूह रहते हैं, रैली सभी समूह की संस्कृति का परिचायक होगी।

नरेंद्र मोदी की योजनाओं पर होगी चर्चा

दीपक प्रकाश ने कहा कि आदिवासी समाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे हैं उत्थान कार्यों की भी चर्चा रैली में की जाएगी। वहीं, भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि सांस्कृतिक रैली और जतरा में प्रदेश भर के पचास हजार लोग आएंगे। रैली में सांस्कृतिक कला का भी प्रदर्शन होगा। झारखंड की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। खाद्य पदार्थों का भी स्टाल होगा। प्रेस वार्ता में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता मिस्फीका हसन भी उपस्थित थीं।

भाजपा नेताओं ने तैयारियों का लिया जायजा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने शनिवार को मोरहाबादी मैदान पहुंचकर धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच से लेकर आम लोगों के बैठने के स्थान व पत्रकार दीर्घा का भी मुआयना किया। कार्यक्रम स्थल को भाजपा के रंग में रंग दिया गया है। वहीं कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कार्यालय की भी विशेष रूप से साज-सज्जा की गई है। पूरा कार्यालय होर्डिंग बैनर से सजाया गया है। बड़े-बड़े कटआउट भी लगाए गए हैं।

जनजातीय समाज को साधने की कोशिश

आदिवासी हितों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के टकराव के बीच झारखंड में मुख्य विपक्षी दल भाजपा द्वारा आयोजित धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। भाजपा की कोशिश इस रैली के माध्यम से आदिवासी समाज को अपने और करीब लाना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की इस रैली में उपस्थिति से जनजातीय समाज को यह संदेश देने की भी कोशिश है कि जनजातीय समाज भाजपा के लिए कितना अहम है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में भाजपा की विधानसभा में हार की मुख्य वजह जनजातीय समाज का उससे दूर जाना रहा था।

chat bot
आपका साथी