प्रदीप यादव अब बाबूलाल को सबके सामने करेंगे बेपर्दा, बताया गली-मोहल्ला टाइप नेता

11 फरवरी को झारखंड विकास मोर्चा की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा में विलय का फैसला संभावित है। प्रदीप यादव और बंधु तिर्की दोनों विधायकों को पार्टी ने निकाल बाहर किया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 07 Feb 2020 06:25 AM (IST) Updated:Fri, 07 Feb 2020 04:13 PM (IST)
प्रदीप यादव अब बाबूलाल को सबके सामने करेंगे बेपर्दा, बताया गली-मोहल्ला टाइप नेता
प्रदीप यादव अब बाबूलाल को सबके सामने करेंगे बेपर्दा, बताया गली-मोहल्ला टाइप नेता

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विकास मोर्चा की भाजपा में विलय से पहले झाविमो से निष्कासित विधायक प्रदीप यादव गुरुवार को बाबूलाल मरांडी पर जमकर बरसे। उन्होंने निष्कासन को ओछी हरकत बताते हुए कहा कि वे ऐसा कर बच नहीं पाएंगे। वे आमलोगों को बाबूलाल मरांडी की असलियत बताएंगे। यह भी बताएंगे कि कैसे वे भाजपा के खिलाफ बोल रहे थे और अब वहीं जाने को उतावले हैैं। प्रदीप यादव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की हरकतें गली-मोहल्ला टाइप नेताओं  जैसी हैं। वे कहते थे कि कुतुबमीनार से कूद जाऊंगा, लेकिन भाजपा में नहीं जाऊंगा। वे अब उस कुतुबमीनार को ढूंढ रहे हैैं, जिससे बाबूलाल मरांडी कूदने की बात करते थे। उनकी कथनी और करनी में भारी अंतर है। उन्हें जनता को जवाब देना होगा। 

पत्र देने पर भड़के प्रदीप यादव

झाविमो युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने प्रदीप यादव पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निष्कासन संबंधी पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन द्वारा उन्हें दी गई थी। वे जब प्रदीप यादव के आवास पर पहुंचे तो वे आगबबूला हो गए और बाबूलाल मरांडी के खूब भला-बुरा कहा। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उनके व्यवहार से वे आहत हैैं। अगर वे तुरंत वहां से नहीं हटते तो अनहोनी हो सकती थी। प्रदीप यादव ने बाबूलाल मरांडी जैसे विनम्र नेता के साथ लंबा समय गुजारा है, लेकिन वे उनके आचरण को अपने जीवन में समाहित नहीं कर पाए हैैं। 

प्रदीप ने अपने निष्कासन को बताया बाबूलाल की ओछी हरकत

झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के भाजपा में विलय की राह में रोड़े अटका रहे विधायक प्रदीप यादव गुरुवार को पार्टी से निष्कासित कर दिए गए। झाविमो के प्रधान महासचिव अभय सिंह ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदीप यादव पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। उनसे इस बाबत स्पष्टीकरण पूछा गया था। तय समय सीमा 48 घंटे के भीतर उन्होंने स्पष्टीकरण का जवाब नहीं दिया, लिहाजा केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उन्हें संगठन से निष्कासित कर दिया गया।

11 फरवरी को केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक

झाविमो ने 11 फरवरी को केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इसमें भाजपा में विलय का निर्णय लिया जा सकता है। दरअसल प्रदीप यादव भाजपा में झाविमो के विलय का विरोध कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से नई दिल्ली में विधायक बंधु तिर्की के साथ मुलाकात की थी। बंधु तिर्की पहले ही पार्टी से निकाले जा चुके हैैं। इस बार विधानसभा चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा के तीन विधायक चुने गए थे। दो विधायक पार्टी से निकाले जा चुके हैं। तीसरे विधायक खुद पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी हैं।  

बंधु तिर्की बोले, हमारा कांग्रेस में जाना तय

मांडर के विधायक बंधु तिर्की का दावा है कि उनका कांग्रेस में जाना तय है। तिर्की पहले ही झाविमो से निकाले जा चुके हैैं। उन्होंने कहा कि बाबूलाल को नई पार्टी भाजपा मुबारक हो। अब हमारी और उनकी राह जुदा है। वे जल्द ही एक बड़ी रैली कर कांग्रेस में शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी