झारखंड में पैसों की खनक के आगे घुटने पर बैठा खेल

झारखंड में पैसे की कमी के कारण इस बार एथलेटिक्स मीट के आयोजन पर ग्रहण लग गया है।

By Edited By: Publish:Tue, 28 Aug 2018 12:09 PM (IST) Updated:Tue, 28 Aug 2018 02:20 PM (IST)
झारखंड में पैसों की खनक के आगे घुटने पर बैठा खेल
झारखंड में पैसों की खनक के आगे घुटने पर बैठा खेल

रांची, संजीव रंजन। झारखंड में एक बार फिर पैसों की खनक के आगे खेल बेबस हो गया। इस बार एथलेटिक्स इसका निशाना बना। स्टेडियम व डोरमेट्री का भारी भरकम भाड़ा मांगे जाने के कारण अंतर जिला एथलेटिक्स के आयोजन पर तलवार लटक गया। 31 अगस्त से होटवार के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में अंतर जिला एथलेटिक्स मीट का आयोजन होना था। इस मीट के आधार पर झारखंड टीम का चयन होता। लेकिन अफसोस खिलाड़ियों के सपनों को लगने वाले पंख को झारखंड स्टेट स्पो‌र्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएसपीएस) ने काट डाला।

रांची जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में इसका आयोजन 31 अगस्त से दो सितंबर तक होना है। सोमवार को संघ के सचिव प्रभाकर वर्मा जब स्टेडियम में जाकर लोकल मैनेजमेंट कमेटी के विक्रांत मल्हान से एक कमरा आवंटन करने की बात कही तो उन्हें बताया गया कि इस आयोजन के लिए उन्हें ढ़ाई से तीन लाख का भाड़ा देना होगा। सचिव प्रभाकर ने जब उन्हें बताया कि हमलोगों ने एक माह पूर्व भी जेएसएसपीएस से फ्री में स्टेडियम व डोरमेट्री की मांग की थी। तब नहीं बताया गया और अब हमें यह बताया जा रहा है ऐसे में हम इतनी बड़़ी राशि नहीं चुका पाएंगे। एलएमसी (स्थानीय प्रबंधन कमेटी) द्वारा संघ को बताया गया स्टेडियम व डोरमेट्री के लिए भाड़ा तय है इसलिए उन्हें यह रकम खेल के पहले या बाद में देनी ही होगी। यह जानने के बाद रांची जिला एथलेटिक्स संघ ने आयोजन न कराने का निर्णय लिया है।

कई जिलों के खिलाड़ियों ने कटाए टिकट : एथलेटिक्स मीट के लिए पूरे राज्य से लगभग एक हजार खिलाड़ी रांची के होटवार में जमा होते। इसमें से कई जिला संघों ने रेलवे टिकट भी कटा लिया है। मीट के आयोजन पर सवालिया निशान लगने के बाद वे समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें।

राजनीतिक कार्यक्रम में नहीं लिए जाते हैं पैसे : इधर कई खेल संघों ने बताया कि खेल के कार्यक्रम के लिए भाड़ा लिया जाता है जबकि राजनीतिक कार्यक्रम के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाता। ऐसे में खेल व खिलाड़ियों का इस आधारभूत संरचना से क्या लाभ है। गोल्ड मिशन में लगी जेएसएसपीएस को खेल व खिलाड़ियों की भलाई के लिए सोचना चाहिए। नहीं हो पाई पैसे की व्यवस्था तीन दिवसीय एथलेटिक्स मीट का आयोजन अब हम लोग नहीं करा पाएंगे। इसकी जानकारी हमने झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव को दे दी है। ढाई लाख भाड़ा उसके बाद ढाई से तीन लाख आयोजन पर खर्च पूरा कर पाना हमलोगों के लिए संभव नहीं है। मीट का आयोजन लोगों के सहयोग से किया जाता है। इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था करना संभव नहीं है।
-प्रभाकर वर्मा, सचिव, रांची जिला एथलेटिक्स संघ।

अंतर जिला एथलेटिक्स मीट के आयोजन की जिम्मेवारी रांची जिला को दी गई थी। होटवार में स्टेडियम व डोरमेट्री के लिए आवेदन पहले दिया जा चुका है। उसपर आदेश भी हो गया था। मीट स्थगित हुआ है इसकी जानकारी मुझे नहीं है और न ही हमने कोई आदेश दिया है। इस संबंध में जानकारी लेने के बाद ही कुछ बता सकता हूं।
-सीडी सिंह, सचिव, झारखंड एथलेटिक्स संघ।

chat bot
आपका साथी