सरकार पर आजसू के तीखे तेवर

रांची : अपनी ही सरकार पर आजसू के तेवर तल्ख हैं। भूमि अधिग्रहण विधेयक, सीएनटी-एसपीटी में

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 Sep 2018 08:22 AM (IST) Updated:Tue, 25 Sep 2018 08:22 AM (IST)
सरकार पर आजसू के तीखे तेवर
सरकार पर आजसू के तीखे तेवर

रांची : अपनी ही सरकार पर आजसू के तेवर तल्ख हैं। भूमि अधिग्रहण विधेयक, सीएनटी-एसपीटी में संशोधन व स्थानीय नीति जैसे मुद्दे पर लगातार सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाली इस पार्टी के मुखिया सुदेश महतो लगातार पार्टी कार्यक्रमों में सरकार पर प्रहार करने से चूक नहीं रहे। इसे प्रेशर पॉलिटिक्स के रूप में भी देखा जा रहा है।

सुदेश ने रविवार को बोकारो के चंदनकियारी में बयान दिया कि झारखंड में विकास की असीम क्षमता व संभावनाएं हैं, लेकिन राज्य रूपी गाड़ी को चलाने के लिए योग्य ड्राइवर नसीब नहीं हुआ। कहा, ऐसा नेतृत्व नहीं मिला जो झारखंडियों के दुख-दर्द को समझे। सुदेश लगातार नाम नहीं लिए बिना राष्ट्रीय पार्टियों पर झारखंड के लोगों का दर्द नहीं समझने का आरोप लगा रहे हैं। चंदनकियारी में स्व. विनोद बिहारी महतो की जयंती के अवसर पर यहां तक कह दिया कि झारखंड को दिल्ली के इशारे पर चलनेवाली नहीं बल्कि झारखंड के लोगों के माध्यम से चलने वाली सरकार चाहिए। बता दें कि आजसू पार्टी हाल ही में कार्यसमिति की हुई बैठक में विधानसभा की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। हालांकि कोलेबिरा उपचुनाव तथा लोकसभा चुनाव पर निर्णय लेने के लिए कोर कमेटी को अधिकृत कर दिया गया है।

अब तो यह वक्त ही बताएगा कि यह सुदेश का प्रेशर पॉलिटिक्स है या सही में उनका मन अपनी सहयोगी पार्टी भाजपा से ऊब चुका है। हालांकि भाजपा के नेता सुदेश के बयानों को खास तवज्जो नहीं दे रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि चुनाव के समय आने पर दोनों दलों के बीच फिर से गठबंधन हो जाएगा।

--

chat bot
आपका साथी