रांची के तीन अपराधियों ने रामगढ़ में स्क्रैप कारोबारी पर की फायरिंग, घटना के बाद भागने के क्रम में बाइक से गिरे

रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के पोचरा में कार सवार रेलवे के स्क्रैप कारोबारी अशोक पासवान पर रांची के अपराधियों ने सोमवार रात करीब नौ बजे ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बजाज पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 03:11 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 03:11 PM (IST)
रांची के तीन अपराधियों ने रामगढ़ में स्क्रैप कारोबारी पर की फायरिंग, घटना के बाद भागने के क्रम में बाइक से गिरे
रांची के तीन अपराधियों ने रामगढ़ में स्क्रैप कारोबारी पर की फायरिंग। जागरण

भुरकुंडा (रामगढ़), जासं। रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के पोचरा में कार सवार रेलवे के स्क्रैप कारोबारी अशोक पासवान पर रांची के अपराधियों ने सोमवार रात करीब नौ बजे ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बजाज पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस घटना में अशोक पासवान बाल-बाल बच गए। गोली चलाने के बाद अपराधी वहां से भुरकुंडा की ओर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस ने चारों तरफ घेराबंदी कर दी। अपराधियों को पकडऩे के लिए भदानीनगर व बासल थाना पुलिस भी अलर्ट हो गई।

वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीनों अपराधी बासल थाना क्षेत्र के बलकुदरा ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकरा कर दुर्घटना के शिकार हो गए। तीनों को गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, पुलिस ने अपराधियों के पास से दो पिस्टल व एक कट्टा बरामद किया है। दुर्घटना स्थल पर जूता और गमछा भी पड़ा हुआ था। पुलिस ने हथियार और बाइक को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा कि अपराधी अशोक पासवान पर शाम से ही नजर रखे हुए थे। घायल तीनों अपराधी रांची जिले के रातू रोड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

रांची के अपराधी बिट्टू सिंह के इशारे में तीनों अपराधी अशोक पासवान की हत्या करने के लिए पहुंचे थे। देर रात तक पुलिस सदर अस्पताल में तीनों घायल अपराधियों से पूछताछ कर रही थी। पुलिस के अनुसार ये अपराधी बिट्टू सिंह के कहने पर रेलवे की ठेकेदारी के बदले रंगदारी लेने के लिए यहां पहुंचे थे। अपराधियों की स्थिति गंभीर होने के कारण अभी तक उनके नाम का खुलासा नहीं हो पाया है।

chat bot
आपका साथी