बनेंगे 5000 एमटी के 14 कोल्ड स्टोरेज

राज्य में अनाज व फल-सब्जी के भंडारण और उसके उचित रखरखाव को लेकर 5000 एमटी के 14 कोल्ड स्टोरेज बनेंगे

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Jul 2018 09:09 AM (IST) Updated:Thu, 26 Jul 2018 09:09 AM (IST)
बनेंगे 5000 एमटी के 14 कोल्ड स्टोरेज
बनेंगे 5000 एमटी के 14 कोल्ड स्टोरेज

रांची : अनाज व फल-सब्जी के भंडारण और उसके उचित रखरखाव को लेकर कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड रूम और गोदामों के निर्माण को लेकर सरकार रेस हुई है। इस कड़ी में 14 कोल्ड स्टोरेज निर्माण की प्रक्रिया में हैं, इसमें से चार पर काम शुरू भी हो चुका है। वहीं, 46 प्रखंड में अपेक्षाकृत छोटे कोल्ड स्टोरेज जिन्हें कोल्ड रूम कहा जाता है, के निर्माण की भी स्वीकृति दी गई है। 697 पैक्स व लैम्पस में 100-100 एमटी के गोदाम का निर्माण भी किया जा रहा है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री रणधीर सिंह ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रणधीर सिंह ने बताया कि 5000 एमटी के 14 कोल्ड स्टोरेज के निर्माण की प्रक्रिया तेजी की गई है। इसमें 21.36 करोड़ की लागत से चार स्थानों देवघर, गिरिडीह, रांची और गुमला में निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, लोहरदगा, बोकारो, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और साहिबगंज में 46.32 करोड़ की लागत से बनने वाले छह कोल्ड स्टोरेज के टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई है। वर्ष 2018-19 में सिमडेगा, चाईबासा, गोड्डा और गढ़वा में बनने वाले कोल्ड स्टोरेज निर्माण की स्वीकृति कैबिनेट ने दे दी है। इसके टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। इनमें प्रत्येक की लागत 7.71 करोड़ रुपये होगी।

मंत्री ने बताया कि 46 प्रखंडों में कोल्ड रूम बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रत्येक कोल्ड रूम की लागत 32.46 लाख होगी। वित्तीय वर्ष 2017-18 में स्वीकृत 697 गोदाम के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। 114 करोड़ की लागत से 100-100 एमटी के पैक्स व लैम्पस के गोदाम का निर्माण किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी