भ्रष्टाचारियों ने बढ़ाई महंगाई व बेरोजगारी

By Edited By: Publish:Thu, 17 Apr 2014 04:47 AM (IST) Updated:Thu, 17 Apr 2014 12:59 AM (IST)
भ्रष्टाचारियों ने बढ़ाई महंगाई व बेरोजगारी

रांची : आधे पेट खाकर रात गुजारते हैं। दिन में काम करते हैं। जितने रुपये मिलते हैं, उससे पेट के लिए प्रबंध करते हैं। देश के नेताओं ने महंगाई व बेरोजगारी बढ़ाई है। यह कहना था मुन्नी तिर्की का। दैनिक जागरण की चुनावी चौपाल में बुधवार को डोरंडा स्थित घाघरा ऊपर टोली में 40 से अधिक मतदाताओं ने अपनी समस्याओं व नेताओं की गतिविधियों पर सवाल उठाए।

मुन्नी कहती हैं, यहां के नेता चुनाव जीतने के बाद सफेद धोती/पैजामा व कमीज पहन कर घूमते रहते हैं। लेकिन, जनता की समस्याओं को सुनने उनके पास नहीं आते। लोगों में आक्रोश था कि उस सरकार से गरीब जनता को क्या लाभ है, जो वृद्धा पेंशन, बेरोजगारी व महंगाई की समस्याओं को दूर नहीं कर सकती है।

बीपीएल परिवार की बुधनी देवी कहती हैं, वोट जरूर देंगे। लेकिन, उसी को देंगे, जो हमारी समस्या को सुनेंगे। पिछले आठ सालों से पेंशन कार्ड नहीं बना है। मनीष रंजन कहते हैं, उसी नेता को वोट देना चाहिए, जो विकास करे।

नगर निगम वार्ड 50 के पार्षद लक्ष्मण कच्छप कहते हैं, नेता कोई भी क्यों न हों, उसे जनता के लिए दिन-रात काम करना होगा। जनता से कहीं अधिक समस्याओं से जूझना होगा। नगर निगम वार्ड 46 के पार्षद राजकुमार कहते हैं, आज भी लोग यहां पानी, बिजली, सड़क आदि की समस्याओं से जूझ रहे हैं। नेता चुनाव लड़ते जरूर हैं, जीतते भी हैं। लेकिन, ये समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं। चुमना तिर्की बाइक से कहीं जा रहे थे। चर्चा में शामिल लोगों को देखते हैं और रुक जाते हैं। सबसे पहले दैनिक जागरण को चर्चा के लिए घाघरा को चुनने पर धन्यवाद देते हैं। आगे कहते हैं, छोटी नदी पर पुल बनने का इंतजार घाघरा बस्ती के लोगों को वर्षो से है। यहां पुल बनने से स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा हो जाती। नेताओं ने कई वादे किए। लेकिन, अब तक वादे पूरे नहीं हुए। सुनित तिर्की कहती हैं, उच्च शिक्षा के लिए यहां संस्थानों की कमी है।

---

जो चर्चा में हुए शामिल

सुकरा तिर्की, फगुआ लोहरा, मुन्नी तिर्की, टोंटे उरांव, लालू कच्छप, सुकरू, जमुना देवी, टोपन देवी, पूनम देवी, बुधनी, बिमला देवी, फोना देवी, बारी गोसाई, फागुनी गोसाई, गुलाब गोसाई, बिमला, कल्याणी देवी, आरती देवी, चारी तिर्की, अनिता देवी, रीता कच्छप, बिना लकड़ा व चारू कच्छप आदि थे।

--------------

chat bot
आपका साथी