रसोइया फ्रंट 7 को दिल्ली में करेगा विरोध प्रदर्शन
शहर के होटल रुद्रा परिसर में अनुमंडल क्षेत्र के हुसैनाबाद, हैदरनगर व मोहम्मदगंज प्रखंड के विभिन्न विद्यालय में कार्यरत रसोईया की बैठक हुई
हुसैनाबाद : हुसैनाबाद शहर के होटल रूद्रा परिसर में अनुमंडल क्षेत्र के हुसैनाबाद, हैदरनगर व मोहम्मदगंज प्रखंड के विभिन्न विद्यालय में कार्यरत रसोइया की बैठक हुई । इसमें विभिन्न मांगों के समर्थन में विचार किया गया। बैठक में गत माह से बकाए मानदेय का भुगतान कराने व स्थायीकरण सहित अन्य मांगों के समर्थन में सात फरवरी को देश की राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में शामिल बतौर मुख्य अतिथि सह मानव नवनिर्माण समिति अध्यक्ष परमानंद चौधरी ने रसोइया की मांगों को जायज बताया। कहा कि मांगों के समर्थन में मानस रसोइया फ्रंट के साथ है। जरूरत पड़ने पर रसोइया फ्रंट की मांगों के समर्थन में सभी रसोइया को एकजुट कर आंदोलन को धारदार बनाया जाएगा। दिल्ली में आयोजित रैली के सफल आयोजन को लेकर तीन फरवरी को ब्लॉक रोड स्थित पंच सरोवर पार्क परिसर में बैठक बुलाई की जाएगी। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सभी रसोइया शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि स्कूल के नाम पर जो गैस सिलेंडर निर्गत हुआ है उसे कुछ शिक्षक घरेलू उपयोग में इस्तेमाल कर रहें हैं। रसोइया लकड़ी पर खाना बनाने को विवश हैं। कई रसोइया अभी तक खाता में मानदेय की राशि नही भेजी जा रही है। उनके पैसों का बंदरबाट किया जा रहा है। इस समस्या को लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निदान के लिए गुहार लगाई जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से प्रभा देवी, शांति देवी, संजू देवी, निर्मला देवी, राघो देवी, मनोरमा देवी, तेतरी देवी सहित मानस सदस्य अजय प्रसाद गुप्ता के अलावे दर्जनों महिला उपस्थित थे।