सरकार ने बदला नियम तो डीलरों ने निकाली नई तरकीब, अब इस तरह की जा रही लाभार्थियों की हकमारी

राशन वितरण में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए सरकार ने ईपाश मशीन को मापतौल कांटे के साथ अटैच कर दिया लेकिन इसके बाद राशन डीलरों ने नई तरकीब निकाली और राशन वितरण में फिर गड़बड़ी शुरू कर दी है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Tue, 17 Jan 2023 03:53 PM (IST) Updated:Tue, 17 Jan 2023 03:53 PM (IST)
सरकार ने बदला नियम तो डीलरों ने निकाली नई तरकीब, अब इस तरह की जा रही लाभार्थियों की हकमारी
पीडीएस डीलरों ने फिर शुरू की लाभार्थियों के साथ हकमारी

पाकुड़, जागरण: राशन कार्डधारियों को उचित मात्रा में अनाज मिले इसके लिए सरकार ने पीडीएस सिस्टम में जनवरी 2023 से नई पद्धति लागू की। राशन वितरण में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए ईपाश मशीन को मापतौल कांटे के साथ अटैच कर दिया गया। इसके बाद राशन डीलरों ने तरकीब निकाली और राशन वितरण में फिर गड़बड़ी शुरू कर दी। अब पहले की तरह ही कार्डधारियों की हकमारी शुरू हो गई है।

बटखारा लगा कम दे रहे अनाज

सोमवार को ही पाकुड़ प्रखंड के इलामी पंचायत भवन में राशन कार्डधारियों ने जमकर हंगामा किया। लाभार्थियों का आरोप था कि राशन डीलर ईपाश मशीन के साथ मापतौल मशीन अटैच तो कर दे रहे हैं लेकिन अनाज के साथ अलग से बटखारा रख कर कम अनाज दे रहे हैं।

क्या है नया नियम

लाभार्थियों को उनके हक का पूरा अनाज मिले, इसके लिए आपूर्ति विभाग ने सभी डीलरों को नया मापतोल कांटा दिया है। जिसे ईपाश मशीन से जोड़कर जनवरी 2023 से राशन वितरण का निर्देश दिया गया है। राशन डीलर को मशीन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस पद्धति में निर्धारित राशन तौलने के बाद ही लाभार्थियों का ऑनलाइन पर्ची निकलेगा, जिससे डीलर लाभार्थियों के राशन की कटौती नहीं कर पाएंगे।

क्या कर रहे डीलर

जिले के कुछ डीलर प्रति कार्डधारी अमूमन 500 ग्राम से एक किलोग्राम अनाज की कटौती करते हैं। इस पर डीलरों द्वारा दलील दी जाती है कि उन्हें गोदाम से कम अनाज दिया जाता है। अब नई प्रक्रिया में कार्डधारी अनाज के साथ एक किलो या 500 ग्राम का बटखारा कांटा पर चढ़ा दे रहे हैं, जिससे लाभार्थियों के अनाज की हकमारी हो रही है और मशीन से लाभुक के नाम पूरा अनाज वितरण की पर्ची भी निकल जा रही है।

इससे आगे बढ़कर ग्रामीण क्षेत्र के कुछ डीलर कांटा पर पत्थर चढ़ाकर ही मशीन से पर्ची निकाल ले रहे हैं। यह सब देखने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के लाभुक डीलर के झांसे में आ जाते हैं। इस पर डीएसओ संजय कुमार दास ने कहा कि डीलरों को सरकार के निर्देशानुसार राशन वितरण करना होगा। राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी पर राशन डीलर का लाइसेंस रद कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी