Lok Sabha Polls 2019: खूंटी में आम आदमी को चाहिए मनोरंजन के साधन

Lok Sabha Polls 2019. खूंटी को जिला बने हुए 12 वर्ष हो गए। लेकिन अभी तक जिलेवासियों के लिए यहां मनोरंजन के साधन हैं। कोई पार्क नहीं है जहां बच्चे खेल सकें।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 15 Apr 2019 02:17 PM (IST) Updated:Mon, 15 Apr 2019 02:17 PM (IST)
Lok Sabha Polls 2019: खूंटी में आम आदमी को चाहिए मनोरंजन के साधन
Lok Sabha Polls 2019: खूंटी में आम आदमी को चाहिए मनोरंजन के साधन

खूंटी, [दिवाकर श्रीवास्तव]। खूंटी को जिला बने हुए 12 वर्ष हो गए। इस दौरान जिले में तमाम विकास कार्य हुए, लेकिन अभी भी आम आदमी के लिए कई सुविधाओं का अभाव है। सड़क व बिजली के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए हैं लेकिन अभी तक जिलेवासियों के लिए यहां मनोरंजन के साधन नहीं हैं।

जिला मुख्यालय में एक भी ऐसा पार्क नहीं है, जहां बच्चे खेल सकें या आम लोग सुबह की सैर कर सकें। शहर में एक भी रिक्रिएशन हॉल या क्लब नहीं है, जहां लोग फुर्सत के क्षण में जाकर अपना मनोरंजन कर सकें। कोई ऑडिटोरियम भी नहीं है, जहां किसी समारोह का आयोजन किया जा सके। बच्चे होंं या बुजुर्ग, सभी के लिए यहां मनोरंजन की सुविधा का अभाव है।

जिला तो बन गया, लेकिन सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। जिले में अधिकारियों व पुलिस की भरमार हो गई है, पर सुविधाओं का अभाव है। शहर में एक भी सिनेमा हॉल नहीं है। कोई पार्क भी नहीं है, जहां बच्चे खेल-कूद सकें। प्रशासन को इस बारे में सोचना चाहिए। -संतोष भगत, व्यवसायी

जब जिला बना था, तब यह उम्मीद जगी थी कि अब हमें शहरों वाली सुविधाएं मिलने लगेंगी, लेकिन 12 वर्ष बाद भी ऐसा कुछ नहीं हुआ। यह विडंबना ही है कि अभी तक शहर में एक भी ऑडिटोरियम, क्लब या सिनेमा हॉल नहीं है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शरीर कुछ देर के लिए मनोरंजन की मांग करता है, लेकिन अपने शहर में मनोरंजन का कोई साधन ही नहीं है। कोई ऐसा पार्क नहीं है, जहां हम अपने बच्चों के साथ कुछ समय व्यतीत कर सकें। -रंजीत राम महतो, प्रधान सचिव, जिला शिक्षक संघ

वर्षों की मांग के बाद जब खूंटी को जिला बनाया गया तो हमें लगा कि अब यहां का विकास तेजी से होगा। विकास कार्य तो बहुत हुए, लेकिन अभी भी हमारा जिला विकास की दौड़ में बहुत पीछे है। शहर में बस स्टैंड नहीं है, बाईपास नहीं है। यहां तक कि मनोरंजन का कोई साधन भी नहीं है। न तो कोई पार्क है, न ही सिनेमा हॉल। प्रशासन को इस दिशा में सार्थक पहल करनी चाहिए। -झिरगा मुंडा, व्यवसायी

जिला बनने के बाद बहुत सारे विकास कार्य हुए हैं। पूरे जिले में सड़कों का जाल-सा फैल गया है। बिजली की स्थिति में भी काफी सुधार हुआ है। लेकिन, अभी भी बहुत सी आधारभूत सुविधाओं से हम लोग वंचित हैं। शहर में एक भी पार्क नहीं है, आखिर बच्चे कहां खेलें। नतीजा यह है कि बच्चे मोबाइल में गेम खेलते हैं। मोबाइल की लत लगने से उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। सिनेमा हॉल नहीं होने के कारण फिल्म देखने के लिए रांची जाना पड़ता है। -रंजीत चौधरी

शहरवासियों को मनोरंजन का साधन देने की प्लानिंग चल रही है। मल्टीपर्पस बिल्डिंग के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जिले के उपायुक्त ने जमीन मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। जमीन चिह्नित होने के बाद प्रशासन जमीन दे देगा, जहां मल्टीपर्पस बिल्डिंग का निर्माण कराया जाएगा। वहां लोगों को एक ही स्थान पर मार्केट व सिनेमा हॉल की सुविधा मिल सकेगी। -अर्जुन पाहन, अध्यक्ष नगर पंचायत, खूंटी।

chat bot
आपका साथी