बुधू मुंडा हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार

मुरहू थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व बुधू मुंडा नामक ग्रामीण की पत्थर से कूचकर की गई हत्या के मुख्य आरोपित को मुरहू थाना की पुलिस ने शुक्रवार तड़के उसके ननिहाल डोल्डा गांव के डोंडाडीह टोला से गिरफ्तार कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Sep 2020 08:29 PM (IST) Updated:Fri, 18 Sep 2020 08:29 PM (IST)
बुधू मुंडा हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार
बुधू मुंडा हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार

खूंटी : मुरहू थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व बुधू मुंडा नामक ग्रामीण की पत्थर से कूचकर की गई हत्या के मुख्य आरोपित को मुरहू थाना की पुलिस ने शुक्रवार तड़के उसके ननिहाल डोल्डा गांव के डोंडाडीह टोला से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित का नाम राम हस्सा पूर्ति है। वह मुरहू थानांतर्गत लुदमकेल गांव का निवासी है। उसने पुलिस के समक्ष हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने शुक्रवार की शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

एसपी ने बताया कि हत्या के अनुसंधान के क्रम में शुक्रवार तड़के तीन बजे मुरहू थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा को गुप्त सूचना मिली कि लगभग एक सप्ताह पूर्व बुरुहादा गांव में पत्थर से कूचकर की गई बुधु मुंडा की हुई हत्या का मुख्य आरोपित राम हस्सा पूर्ति मुरहू थाना क्षेत्र में स्थित अपने मामा के घर में छुपा हुआ है। इस सूचना पर मुरहू थानाप्रभारी तत्काल पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, संजीव कुमार व चूड़ामणि टुडू सहित थाना में प्रतिनियुक्त सैट व जैप के जवानों को लेकर उसके मामा के घर छापामारी करने पहुंचे। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो देखा कि घर के पिछले दरवाजे से एक युवक निकलकर भाग रहा है। इस पर पुलिस टीम ने खदेड़ कर उसे धरदबोचा। जब उससे पूछताछ की गई तो मामले का पर्दाफाश हुआ। आरोपित ने बताया कि पकड़े जाने के डर से वह घटना के बाद से मामा के घर में छिपा हुआ था।

chat bot
आपका साथी