सीएम रघुवर बोले, संताल की गरीबी के लिए सोरेन परिवार जिम्मेदार

CM Raghubar Das. सीएम ने कहा कि गरीबी का सबसे बड़ा कारण झारखंड की नामधारी पार्टी है। इन लोगों ने अपना घर भरा और गरीबों का हक मारा।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 21 Dec 2018 02:12 PM (IST) Updated:Fri, 21 Dec 2018 02:12 PM (IST)
सीएम रघुवर बोले, संताल की गरीबी के लिए सोरेन परिवार जिम्मेदार
सीएम रघुवर बोले, संताल की गरीबी के लिए सोरेन परिवार जिम्मेदार

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। मुख्यमंत्री रघुवर दास गुरुवार को बेना में जनचौपाल लगाकर आमजन से रूबरू हुए। उन्होंने संताल परगना की गरीबी का ठीकरा झामुमो पर फोड़ते हुए सोरेन परिवार को निशाने पर रखा। कहा- संताल के विकास के लिए राजनीतिक सोच बदलना जरूरी है। जनता मालिक और नेता सेवक होता है, इसका ध्यान रखना चाहिए। सीएम ने कहा कि गरीबी का सबसे बड़ा कारण झारखंड की नामधारी पार्टी है। इन लोगों ने अपना घर भरा और गरीबों का हक मारा। किसी ने विकास नहीं किया। एसपीटी-सीएनटी एक्ट का उल्लंघन किया। गोला का रहने वाला सोरेन परिवार दुमका, पटना, बोकारो, हजारीबाग, रांची में जमीन और घर खरीद चुका है।

उन्होंने पूछा- क्या भाजपा सरकार में किसी को बेदखल किया गया है। वर्ष 2014 के चुनाव में यही नामधारी पार्टी आपके पास जाकर कह रही थी कि भाजपा सरकार आएगी तो आदिवासियों की जमीन छीन लेगी। क्या चार वर्षों में कहीं ऐसा हुआ। क्या भाजपा सरकार में किसी आदिवासी की जमीन छीनी गई। संताल के विकास के लिए किसी ने नहीं सोचा। आदिवासी भावना जगाकर वोट की पेटी भरी और अपना विकास किया। इसलिए आदिवासियों की जिंदगी में बदलाव नहीं आया। आप सभी मिलकर सोचें, तभी संताल का विकास होगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार गठबंधन कर इसने चार हजार करोड़ रुपये लूटे। अब फिर जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू है। इनको इस बार बता दें कि ऐसे गठबंधन का क्या हश्र होने वाला है। रघुवर ने दावा किया कि भाजपा गंदी राजनीति नहीं करती है। विपक्ष की ही कुछ पार्टियां संप्रदायवाद तो कुछ लोग जातिवाद की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा संप्रदायवाद-जातिवाद की राजनीति से दूर है। हम सबको साथ लेकर चल रहे हैं। जनशक्ति जाग जाएगी तो कोई नेता गलत फायदा नहीं उठा पाएगा। जनता जाग जाएगी तो डीसी भी जगा रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी योजनाओं का सभी लाभ लें। सरकार ने सभी किसानों के हित में बीमा प्रीमियम की राशि माफ की है। किसान अपने दस्तावेज जमा करें और फसल का बीमा कराएं। प्रीमियम की राशि नहीं देनी है।

एक जनवरी से सुकन्या योजना

सीएम ने पहली जनवरी से मुख्यमंत्री सुकन्या योजना की शुरुआत करने की घोषणा की। कहा- सृष्टि नारी शक्ति से चलती है, इसलिए बेटी को जन्म देकर उसे बचाना है। केंद्र की भाजपा सरकार का नारा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' और झारखंड सरकार का नारा 'पहले पढ़ाई फिर विदाई' है। इसके तहत लालन-पालन, पढ़ाई से शादी होने तक सरकार बेटी की मां को प्रोत्साहन राशि देगी। इस दौरान डीआइजी राजकुमार लकड़ा, उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद, एसपी शैलेंद्र सिन्हा मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी