जमशेदपुर में आज से बिना मास्क घर से बाहर निकलने वाले जा सकते हैं जेल Jamshedpur News

दिल्ली राजस्थान मध्य प्रदेश आदि में कोरोना का कहर लौटने की आशंका से झारखंड में भी एक बार फिर मास्क चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके लिए जमशेदपुर में ना केवल 10 चेकपोस्ट बनाए गए हैं बल्कि यहां दो पाली में मजिस्ट्रेट...

By Vikram GiriEdited By: Publish:Mon, 23 Nov 2020 09:28 AM (IST) Updated:Mon, 23 Nov 2020 10:56 AM (IST)
जमशेदपुर में आज से बिना मास्क घर से बाहर निकलने वाले जा सकते हैं जेल Jamshedpur News
आज से मास्क नहीं पहनने वालों की आएगी शामत। जागरण

जमशेदपुर (जासं) । दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि में कोरोना का कहर लौटने की आशंका से झारखंड में भी एक बार फिर मास्क चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके लिए जमशेदपुर में ना केवल 10 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, बल्कि यहां दो पाली में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल भी प्रतिनियुक्त कर दिए गए हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त सूरज कुमार व वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) डा. एम. तमिल वाणन ने रविवार देर शाम संयुक्त आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया है कि सोमवार से शहर में आंशिक लॉकडाउन, कर्फ्यू आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल सुबह छह से रात 10 बजे तक शहर के अंदर चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलेगा।

इसमें जो भी लोग बिना मास्क पहने हुए मिलेंगे, उनके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन प्रावधानों के तहत मास्क नहीं पहनने वालों से जुर्माना तो लिया ही जा सकता है, उन्हें कम से कम 10 और अधिकतम 15 दिन की जेल भी हो सकती है। इसके लिए जिला प्रशासन एक बार फिर बिष्टुपुर स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल और गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल को कैंप जेल के रूप में संचालित करने की योजना में है।

लॉकडाउन की अवधि में इन दोनों स्कूलों का उपयोग कैंप जेल के रूप में किया गया था, जहां कोरोना के नियम का उल्लंघन करने वालों को रखा जाता था। यहां लाए गए लोगों की पहले कोरोना जांच की जाएगी, फिर निगेटिव रिपोर्ट आने पर निजी मुचलके पर छोड़ा जाएगा। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो सीधे आइसोलेशन या कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया जाएगा। हाल के दिनों में अधिकतर लोग मास्क और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी