सवा लाख का सलमान, 1.10 लाख का बगदादी

सलमान की कीमत डेढ़ लाख रुपये लगी थी। लेकिन, वो सवा लाख रुपये में बिका। जबकि, 1.25 लाख रुपये कीमत का बगदादी एक लाख 10 हजार रुपये में बिका।

By Edited By: Publish:Sun, 19 Aug 2018 08:19 PM (IST) Updated:Mon, 20 Aug 2018 11:00 AM (IST)
सवा लाख का सलमान, 1.10 लाख का बगदादी
सवा लाख का सलमान, 1.10 लाख का बगदादी

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । सलमान की कीमत डेढ़ लाख रुपये लगी थी। लेकिन, वो सवा लाख रुपये में बिका। जबकि, 1.25 लाख रुपये कीमत का बगदादी एक लाख 10 हजार रुपये में बिका। इसके अलावा, कपाली का सुल्तान 75 हजार में और मानगो का आमिर 65 हजार में बिका। ये सब बकरों के नाम है जिनकी टेल्को और साकची के आमबगान मंडी में बोली लगी।

शहर में रविवार को डेढ़ करोड़ रुपये तक बकरों का कारोबार हुआ। शहर में 350 से लेकर 400 तक के बकरे बिके। बकरीद का त्योहार 22 अगस्त को है। कुर्बानी के इस त्योहार को अब दो दिन बचे हैं। इसलिए शहर में जुगसलाई, शास्त्रीनगर, मानगो, टेल्को, गोलमुरी आदि बकरों की मंडी आसमान छू रही है।

एक से बढ़ कर एक खूबसूरत और अच्छी नस्ल के बकरे मंडी में बिक रहे हैं। इनमें जमुनपारी, बीटल आदि बकरे शामिल हैं। सवा लाख रुपये में बिका सलमान बीटल नस्ल का व्हाइट आई बकरा है। व्हाइट आई बकरे की ब्रीड की पहचान है। 140 किलो वजनी, ढाई साल की उम्र और 40 इंच की ऊंचाई वाले इस बकरे को टेल्को के फारूख अहमद पंजाब से लाए थे। टेल्को के गौसिया मुहल्ले में इस बकरे को देखने वालों की दिन भर भीड़ लगी हरी। कई ग्राहक आए लेकिन, दाम सुन कर चले गए। बाद में इसे गोलमुरी के एक कारोबारी इकराम ने खरीदा है। बगदादी भी बीटल नस्ल का व्हाइट आई बकरा है। 48 इंच ऊंचे और 115 किलो वजन वाले इस बकरे को भी गोलमुरी के ही एक व्यापारी अजीजुल ने 1.10 लाख रुपये में खरीदा है।

दोनों बकरे बेइंतहा खूबसूरत हैं

आमबगान मंडी में बकरों की बहार आमबगान मंडी में शहर में बकरे की सबसे बड़ी मंडी है। रविवार को यहां बकरों की बहार रही। खूब बकरे बिकने के लिए आए। मंडी के मो. अकरम ने बताया कि यहां रविवार को तकरीबन 250 के आसपास बकरे बिके हैं। 10 हजार रुपये से लेकर 75 हजार रुपये तक के बकरे यहां बिके हैं। कपाली के महताब अली का बकरा 75 हजार रुपये में तो मानगो के वसीम का बकरा 65 हजार में बिका। यहां इलाहाबाद से भी कई ट्रक बकरे लाए गए हैं। आमबगान मंडी सुबह से ही गुलजार हो गई थी। शाम तकरीबन छह बजे तक यहां बकरों का कारोबार हुआ। मंडी में सुबह भी बकरों की खरीद-फरोख्त होगी।

गुरुवार तक होगी बकरों की बिक्री

शहर में बकरों की बिक्री गुरुवार तक होगी। बकरीद की कुर्बानी तीन दिन तक हो सकती है। लेकिन, ज्यादातर लोग बुधवार को ही कुर्बानी करेंगे। मंगलवार तक ये लोग बकरा खरीद लेंगे। मंगलवार तक बकरा बाजार में तेजी बनी रहेगी। इसके बाद बकरों का बाजार उतरने लगता है। कुछ लोग गुरुवार तक बकरे की खरीद-फरोख्त कर इसकी कुर्बानी करेंगे।

chat bot
आपका साथी