अद्भुत व्यक्तित्व के धनी और अनुकरणीय नेता थे अटल बिहारी वाजपेयी

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के निधन पर जमशेदपुर के नेताओं ने शोक जताया है। नेताओं ने अपने अपने संस्मरण सुनाकर उन्हें याद किया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Aug 2018 10:00 AM (IST) Updated:Fri, 17 Aug 2018 10:00 AM (IST)
अद्भुत व्यक्तित्व के धनी और अनुकरणीय नेता थे अटल बिहारी वाजपेयी
अद्भुत व्यक्तित्व के धनी और अनुकरणीय नेता थे अटल बिहारी वाजपेयी

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के बारे में लौहनगरी की बहुत सारी यादें जुड़ी हैं। पूरे दिन हर कोई यही कामना करता रहा कि अद्भुत व्यक्तित्व के इस अनुकरणीय नेता की सेहत जल्द से जल्द सुधरे। इसकी क्रम में कई लोगों ने अटल जी के बारे में अपने अनुभव साझा किए।

चंद्रशेखर मिश्रा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों को मिलाकर भी अटल जी सबसे बड़ी सोच के व्यक्ति हैं। राजनीति में स्वच्छता का अभियान उन्होंने शुरू किया। मोरारजी देसाई की सरकार में विदेश मंत्री रहते उन्होंने संयुक्त राष्ट्रसंघ में ¨हदी में जो भाषण दिया। मजबूत इच्छाशक्ति की बदौलत उन्होंने प्रधानमंत्री रहते पोखरण में परमाणु परीक्षण करने जैसी हिम्मत दिखाई। यहां के नेताओं से सहज भाव से मिलते हुए सीख दी कि नेताओं को हमेशा मुस्कराते रहना चाहिए। हर किसी से मुस्कराकर मिलना चाहिए, बात करनी चाहिए।

गुरुदेव सिंह राजा, वाइस चेयरमैन राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने कहा कि अटल जी भारती जनता पार्टी की रीढ़ की हड्डी के समान हैं। जनसंघ के समय से लेकर आजतक उनके योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भाजपा आज जिस ऊंचाई पर है वह अटल जी की ही देन है। बहुत इच्छा थी लेकिन कभी उनके सान्निध्य का सौभाग्य नहीं मिला। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। अन्य राजनेताओं को अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।

विनोद सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि अटल जी जैसे व्यक्तित्व का नेता देश में दूसरा कोई नहीं हो सकता। पोखरण में जिस हिम्मत के साथ उन्होंने परमाणु परीक्षण कराया, दुनिया ने देखा। यह उनकी क्षमता थी कि इसके बाद भी सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर चले। वह भी पूरे मान-सम्मान के साथ। उनकी राजनीतिक दृष्टि सभी को समझनी चाहिए।

विद्युत वरण महतो, सांसद जमशेदपुर ने कहा कि अभी मैं देवघर स्थित वैद्यनाथ धाम के मंदिर में हूं। भोले बाबा से प्रार्थना करने जा रहा था कि हमारे अटल जी को ठीक कर दें तभी दुखद सूचना मिली। अटल जी जैसे युगपुरुष का अंत पूरे देश, समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। भोले बाबा इस दुखद घड़ी में देशवासियों को संबल प्रदान करें। अटल जी जैसा व्यक्तित्व कोई दूसरा नहीं हो सकता। वे किसी एक दल, वर्ग व क्षेत्र के नहीं बल्कि सभी के थे।

नंदजी प्रसाद, निवर्तमान जिला अध्यक्ष भाजपा महानगर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के पुरोधा के रूप में जाने जाएंगे। वे हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। वाजपेयी जी के निधन पर उनकी महान आत्मा को मैं नमन करता हूं। उनकी कमी को कोई पूरी नहीं कर सकता। शब्दों में कुछ कहने की स्थिति नहीं है। मेरी ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

अमरप्रीत सिंह काले, वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि अटल जी नहीं रहे, यह खबर सुनकर स्तब्ध हूं। उनका नहीं रहना किसी दल की नहीं बल्कि पूरे देश की क्षति है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि देशवासियों को इस दुख को सहने की क्षमता दें। आनेवाले काल खंड में उनकी क्षतिपूर्ति नहीं की जा सकती। मेरे लिए तो वे प्रेरणस्रोत थे। पिछले साल जन्म दिन पर उनसे मिलने का सौभाग्य मिला था।

विकास सिंह, भाजपा नेता ने कहा कि वर्ष 1998 में मैने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता सिर्फ अटल जी के आदर्शो को देखकर ग्रहण की। तत्कालीन जिला अध्यक्ष हलधर ने मुझे भाजपा में शामिल किया था। आज दुखद खबर सुनकर मन आहत है। वे किसी एक दल के नहीं बल्कि पूरे देश के नेता थे। इतना जरूर है कि अटल बिहारी वाजपेयी की कमी पूरी नहीं की जा सकती। उनका स्थान हमेशा ही रिक्त रहेगा।

हलधर नारायण, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि अटल जी करिश्माई नेता थे। भारत के किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा व्यक्ति उनका मुरीद था। भाजपा की स्थापना व इसको आगे बढ़ाने में सदा लगे रहे। उन्होंने जिस पौधे को लगाया आज वह भाजपा विशाल वृक्ष का रूप ले चुका है। उनका जाना किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरे भारत का नुकसान है।

देवेंद्र सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2000 की बात है। मैं भाजपा जिला अध्यक्ष था। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री रहते अटल जी आए थे। उन्हें हर बात का ध्यान रहता था। यहां हरि सावा नाम के व्यक्ति की हत्या हुई थी। एयरपोर्ट पर चंद मिनट में उन्होंने हत्याकांड के बारे में पूछा, चुनाव में जीत की संभावना पर बात की। उनके जैसे व्यक्तित्व का पुनर्जन्म नहीं होता। मैं भी दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं।

राकेश सिंह, जिला मंत्री भाजपा जमशेदपुर ने कहा कि भारतीय राजनीति का चमकता सितारा हमेशा के लिए अस्त हो गया। झारखंड के जनक अटल बिहारी वाजपेयी के निधन से पूरा देश शोक में है। आनेवाली पीढि़यों के लिए वे हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उनके जाने से भारतीय राजनीति में आई शून्यता को भर पाना भी संभव नहीं होगा।

अमिताभ सेनापति, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अभाविप ने कहा कि भारतीय राजनीति के भीष्म पितामह, युगपुरुष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का राष्ट्रसेवा को समर्पित जीवन हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके निधन से जो क्षति हुई है उसे पूरी नहीं की जा सकती।

डॉ. सुमन कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक ने कहा कि अटल जी का जाना एक युग के जाने के समान है। हमने एक स्वयंसेवक खो दिया। भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे अटल बिहारी वाजपेयी। महान राष्ट्रभक्त, कवि, चिंतक व भविष्य को देखने वाले दूरदृष्टि रखते थे अटल जी। देश के राजनीति कौर कठोर निर्णय लेने की जो परम्परा उन्होंने विकसित की वो अनुकरणीय है। परमाणु परोक्षण करके विश्व से नजरें मिलाकर भारत के स्वाभिमान का जागरण किया था।

chat bot
आपका साथी