जमशेदपुर पहुंचे रघुवर, कार्यकर्ताओं में भरा जोश Jamshedpur News

चुनाव में मिली करारी हार पर अफसोस जता रहे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए बोले कि निराश नहीं होना है। हार-जीत चुनाव का हिस्सा है।

By Vikas SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 31 Dec 2019 07:41 PM (IST) Updated:Wed, 01 Jan 2020 10:02 AM (IST)
जमशेदपुर पहुंचे रघुवर, कार्यकर्ताओं में भरा जोश Jamshedpur News
जमशेदपुर पहुंचे रघुवर, कार्यकर्ताओं में भरा जोश Jamshedpur News

जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को लंबे अंतराल के बाद सड़क मार्ग से एनएच-33 पर हिचकोले खाते हुए शहर पहुंचे। दोपहर लगभग तीन बजे उनके एग्रिको स्थित आवास पहुंचने से पहले ही महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता कुलवंत सिंह बंटी, गुरुदेव सिंह राजा, गुंजन यादव, भूपेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, पवन अग्रवाल सहित लगभग 100 से अधिक कार्यकर्ता जुटे हुए थे। 

रघुवर दास ने आवास के बाहर ही कार्यकर्ताओं के साथ ही छोटी सी बैठक की। चुनाव में मिली करारी हार पर अफसोस जता रहे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए बोले कि निराश नहीं होना है। हार-जीत चुनाव का हिस्सा है। पार्टी फिर मजबूती से सत्ता में आएगी। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूती से डटे रहें। हार का अफसोस इसलिए भी न करें, क्योंकि पांच साल तक पूर्वी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड की सेवा की है। जनता फिर सेवा का अवसर देगी। आने वाला समय अपना होगा। 

रघुवर दास बुधवार को भी सुबह 10 बजे से अपने एग्रिको स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिलेंगे। बुधवार को भी जमशेदपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसी बीच कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बैठक में हर साल होने वाले पिकनिक का आयोजन इस बार भी करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संभवत: 10 से 15 जनवरी के बीच जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का वनभोज आयोजित किया जाएगा। दूसरी ओर, साकची में भाजपा के नये महानगर कार्यालय के लिए आवंटित क्वार्टर की सफाई भी शुरू हो चुकी है। साकची शीतल छाया के समीप स्थित इस भवन में शेड आदि का निर्माण भी होना है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि खरमास के बाद इस कार्यालय का उद्घाटन होगा। 

chat bot
आपका साथी