टाटा स्टील कर्मचारियों की मदद के लिए टीडब्लयूयू चलाए कंट्राेल रूम, जारी हो हेल्पलाइन नंबर, इन्होंने की अध्यक्ष से मांग
कोरोना काल में हर कोई बेड ऑक्सीजन और दवा के लिए भटक रहा है। टाटा स्टील में कार्यरत कर्मचारी भी इससे अछूते नहीं। कर्मचारियों की मदद के लिए एक 24 घंटे का कंट्रोल रूम बनाया जाए। आरसी झा ने टी डब्ल्यू यू से हेल्पलाइन नंबर जारी करने को कहा है।
जमशेदपुर : कोविड महामारी के समय हर कोई बेड, ऑक्सीजन और दवा के लिए भटक रहा है। टाटा स्टील में कार्यरत कर्मचारी भी इससे अछूते नहीं। ऐसे में कर्मचारियों की मदद के लिए एक 24 घंटे का कंट्रोल रूम बनाया जाए। इसका हेल्पलाइन नंबर जारी हो जिसमें तीन शिफ्ट में कार्यरत कर्मचारी टाटा स्टील कर्मचारियों को जरूरी मदद दे सकेंगे।
टाटा स्टील, कोक प्लांट के कमेटी मेंबर आरसी झा ने टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी को पत्र भेजकर यह मांग की है। अपने पत्र में आरसी झा ने कहा है कि, मैं आपका ध्यान कोरोना महामारी से उत्पन्न परिस्थिति पर आकर्षित करना चाहता हूँ। आज कोई भी परिवार इस समस्या से अछूता नहीं रह गया है। हमारी यूनियन का हर सदस्य किसी न किसी रूप में इससे प्रभावित है।
इसके बावजूद हमारे मजदूर भाइयों ने अपना हौसला नहीं खोया है और मजबूती से इस महामारी से लड़ रहे हैं और अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं। हमारी कंपनी, टाटा स्टभ्ल भी मजदूरों को इस महामारी से बचाने के लिए हर तरह की सुविधाएं मुहैया करा रही है। यूनियन कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी खुद कोरोना से लड़ते हुए अपने मजदूर भाइयों की हर सम्भव मदद कर रहे हैं। इस काम में कई कमेटी मेंबर भी एक दूसरे काे सहयोग कर रहे हैं जो कि प्रसंशनीय है। आज हमारी प्राथमिकता सभी को इस महामारी से बचाने की है। इस काम में जरूरतमंद लोगों को त्वरित मदद पहुंचाने की है।
इस काम में हमारी कंपनी, राज्य सरकार एवं कई स्वयंसेवी संस्थाएं लगी हुई हैं। ऐसे में मैं यूनियन अध्यक्ष से आग्रह करता हूं कि हमारी यूनियन की तरफ से एक कोरोना कंट्रोल रूम की स्थापना करें जो 24 घंटे काम करें। यूनियन पदाधिकारियों के मार्गदर्शन से यूनियन के ही कर्मचारी तीन शिफ्टों में काम कर इसे चला सकते हैं। हम कुछ हेल्पलाइन नंबर जारी करें जिससे मजदूर भाईऔर कमेटी मेंबरों को जरूरत के समय तत्काल इस कंट्रोल रूम से सम्पर्क कर मदद और मार्गदर्शन मिल सकेगा। यूनियन का यह कदम हम सभी को आवश्यक सूचनाएं और मदद त्वरित रूप से पहुंचा कर मानवता की बड़ी सेवा कर सकती है। मुझे आशा है कि इस सुझाव पर विचार कर यूनियन नेतृत्व जल्द निर्णय लेंगे।