आउटसोर्स कर्मचारियों ने दी चेतावनी, कहा-72 घंटे में नहीं मिली पाजिटिव खबर तो फिर से करेंगे हड़ताल

कर्मचारियों का कहना है कि मंगलवार की शाम तक वे लोग इंतजार करेंगे इसके बाद वे लोग फिर से आंदोलन करेंगे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Nov 2020 07:52 PM (IST) Updated:Mon, 09 Nov 2020 07:52 PM (IST)
आउटसोर्स कर्मचारियों ने दी चेतावनी, कहा-72 घंटे में नहीं मिली पाजिटिव खबर तो फिर से करेंगे हड़ताल
आउटसोर्स कर्मचारियों ने दी चेतावनी, कहा-72 घंटे में नहीं मिली पाजिटिव खबर तो फिर से करेंगे हड़ताल

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आश्वासन पर पूर्वी सिंहभूम जिले से हटाए गए 157 आउटसोर्स कर्मचारियों ने शनिवार को हड़ताल खत्म की थी। आउटसोर्स कर्मचारियों को आश्वासन मिला था कि अगले तीन दिनों के अंदर उन्हें पाजिटिव खबर सुनने को मिलेगी। इसे लेकर कर्मचारी मंगलवार तक का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मंगलवार की शाम तक वे लोग इंतजार करेंगे। इसके बाद वे लोग फिर से स्वास्थ्य मंत्री से मिलेंगे। इस दौरान यदि हमारी मांगें पूरी नहीं होती तो फिर से हम लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना है कि जिला स्वास्थ्य विभाग में पांच सौ से अधिक कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हुए है। लेकिन, इसके बावजूद भी उन्हें हटाकर उनका रोजगार छीनने का काम किया गया है। जबकि सरकार रोजगार देने की बात कहती है। कर्मचारियों ने कहा कि रोजगार छिन जाने से उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक माह का वेतन मिलता तो किसी तरह हम अपना घर-परिवार चलाते थे लेकिन, अब तो वह भी छीन गया। झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी के प्रदेश महामंत्री अमरनाथ सिंह ने कहा कि कोरोना काल में हम सभी कर्मचारियों ने अपनी जान की बाजी लगाकर कार्य किया है। ऐसे में हम सभी को नहीं हटाया जा सकता है। इसके विरोध में उनका संगठन खड़ा है। जरूरत पड़ी तो वे लोग भी आंदोलन में शामिल होंगे। ताकि उन्हें वापस काम पर लाया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि एक ओर पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी है। वहीं दूसरी ओर हमें हटाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी