जानलेवा एनएच पर मनोज तिवारी भी निकले बेवफा

भाजपा सांसद एवं दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी भी रांच

By JagranEdited By: Publish:Sat, 01 Sep 2018 10:46 PM (IST) Updated:Sat, 01 Sep 2018 10:46 PM (IST)
जानलेवा एनएच पर मनोज तिवारी भी निकले बेवफा
जानलेवा एनएच पर मनोज तिवारी भी निकले बेवफा

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : भाजपा सांसद एवं दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी भी रांची-जमशदेपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 33 पर बेवफा निकले। भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने जमशेदपुर की जनता से वादा किया था कि वो दिल्ली जाकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से जर्जर एनएच 33 को लेकर बात करेंगे और इस संबंध में मंत्रालय के फैसले से ट्वीट कर जनता को अवगत कराएंगे। मगर, उनका ये वादा टूट गया। शहर की जनता उनके ट्वीट का इंतजार कर रही है। मगर, मनोज तिवारी का एनएच 33 पर अब तक कोई भी ट्वीट नहीं आया है।

शहर की जनता को उम्मीद थी कि सांसद मनोज तिवारी खुद जब रांची-टाटा मार्ग की बात रखेंगे तो सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय जरूर सुनेगा। इसके बाद भव्य एनएच 33 बनेगा। लेकिन, इस संबंध में मनोज तिवारी का कोई ट्वीट नहीं आने से जनता निराश हो गई है। मनोज तिवारी 21 अगस्त को जमशेदपुर भाजपा ने अमरप्रीत सिंह काले की संस्था हर हर महादेव संघ के भजन संध्या कार्यक्रम में आए थे। अगले दिन उन्होंने साकची के होटल रेजीडेंसी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने एनएच 33 की हालत को काफी खराब बताया था। रांची तक हवाई मार्ग और फिर एनएच 33 के जरिए कार के द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ जमशेदपुर तक का सफर पूरा करने वाले सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि रास्ते भर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे खतरनाक हैं। लोग इस पर जान हथेली पर रख कर सफर करते हैं। उन्होंने कहा था कि जब वो पिछली बार जमशेदपुर आए थे तो भी रांची-टाटा मार्ग की हालत खस्ता थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि वो दिल्ली पहुंचने के बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बात कर उन्हें एनएच 33 पर रिपोर्ट सौंपेंगे और जो भी निर्णय लिया जाएगा ट्विटर के जरिए सबको अवगत कराएंगे। ट्विटर देखते रहें।

---

.. फिर भी हल्के में ले रहे एनएच को

अपने जमशेदपुर दौरे के दौरान सांसद मनोज तिवारी ने बताया था कि वो केंद्रीय ट्रांसपोर्ट स्टैेंडिंग कमेटी के सदस्य भी हैं। इस नाते उन्होंने खस्ताहाल एनएच 33 पर अपनी एक रिपोर्ट भी तैयार कर ली है। इस रिपोर्ट को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने पेश किया जाएगा। लेकिन, अब तक सांसद ने शायद केंद्रीय मंत्री को एनएच 33 की जर्जरता से अवगत नहीं कराया है।

-------------

लगातार बरसात के बाद बदहाल हुआ एनएच

कई दिनों से हो रही लगातार बरसात के बाद एनएच 33 फिर बदहाल हो गया है। इसके बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है और वो पहले के मुकाबले और खतरनाक हो गए हैं। चालकों को अंदाजा नहीं होता कि इन गड्ढों की गहराई कितनी है। इस वजह से एनएच पर जहां हादसे बढ़ गए हैं तो वहीं डिमना चौक से पारडीह काली मंदिर तक सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है।

----------------

स्लैग भरवाने की मांग

भाजपा नेता विकास सिंह ने भी एनएच 33 पर स्लैग भरवाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उपायुक्त अमित कुमार से बात की और कहा कि एनएच पर फिर बडे़ गड्ढे हो गए हैं और इन्हें भरा जाए। विकास सिंह ने बताया कि उपायुक्त ने एनएच 33 के गड्ढे भराने का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी