कुकड़ू में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता का घर कुर्क jamshedpur news

सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडु हाट बाजार में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता तबारक अंसारी के घर की शनिवार को कुर्की-जब्ती की गई।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sat, 24 Aug 2019 05:37 PM (IST) Updated:Sat, 24 Aug 2019 05:37 PM (IST)
कुकड़ू में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता का घर कुर्क  jamshedpur news
कुकड़ू में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता का घर कुर्क jamshedpur news

जमशेदपुर,जासं। झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडु हाट बाजार में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता तबारक अंसारी के घर की शनिवार को कुर्की-जब्ती की गई। तबारक अंसारी का घर ईचागढ़ प्रखंड के बांधडीह में है।

पुलिस टीम शनिवार को तबारक के घर पहुंची जहां कोई नहीं मिला। कुर्की के पहले गांव में डुगडुगी भी बजाई गई। आरोपित से हाज़िर होने की अपील की गई। इसके बाद उसके घर कुर्की की कार्रवाई हुई। तबारक अंसारी मोस्‍ट वांटेड नक्सली महाराजा प्रमाणिक का करीबी है। वह नक्सली दस्ते को विस्फोटक और हथियार भी उपलब्ध कराता है।

अबतक आठ गिरफ्तारी

मामले में अबतक आठ नक्सली पकड़े जा चुके हैं। फरार तबारक के भाई आलमगीर आलम उर्फ नेपाली को पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के बर्दमान जिले के गिलसा से पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। सभी हार्डकोर नक्सली  महाराज प्रमाणिक दस्ते के हैं। कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बारे में जानकारी सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी कार्तिक एस ने दी। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल सुनील तुड़, बुधराम मार्डी, श्रीराम मांझी, रामू लोहरा और आलमगीर अंसारी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

14 जून को नक्सलियों ने किया था हमला

कुकड़ू हाट बाजार में हुई घटना की योजना नक्सली रमेश उर्फ अनल ने बनाई थी और इसमें महाराज प्रमाणिक, अमित मुंडा, अतुल, टीपू उर्फ टीपुरा, बुधराम मार्डी, रामु उर्फ रामनरेश लोहार, श्रीराम मांझी तथा दस्ते के 21 से 25 सदस्यों ने अंजाम दिया था। 14 जून को सात बाइक पर सवार होकर नक्सली बाजार पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने से पहले इन लोगों ने पुलिस गतिविधि की रेकी करवाई थी। उसके बाद घटना को अंजाम देने की योजना तैयार की गई। सभी को अलग-अलग जिम्मेवारी सौंपी गई थी। 

chat bot
आपका साथी