जुबिली पार्क गेट पर भी पानी जमा

शहर में वैसे तो एक सप्ताह से करीब-करीब हर दिन बारिश हो रही है, लेकिन यह पहला मौका था जब पानी जुबिली पार्क के साकची गेट पर भी जमा हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 May 2017 02:46 AM (IST) Updated:Sat, 27 May 2017 02:46 AM (IST)
जुबिली पार्क गेट पर भी पानी जमा
जुबिली पार्क गेट पर भी पानी जमा

जमशेदपुर : शहर में वैसे तो एक सप्ताह से करीब-करीब हर दिन बारिश हो रही है, लेकिन यह पहला मौका है जब बारिश का पानी जुबिली पार्क के साकची गेट पर भी जमा हो गया। गेट के पास बने गोलचक्कर के आसपास से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक जलजमाव हो गया था। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे वाहनों से पानी के छींटे ऊचांई और दूर तक जा रहे थे। यह स्थिति दोपहर करीब साढ़े तीन बजे से एक घंटे बाद तक बनी रही। बारिश की रफ्तार कम होने के बाद पानी नालों में बह गया। वहीं बारिश शुरू होने से पहले ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया था। स्ट्रीट लाइट पहले ही जल गई थीं। बारिश होते-होते अंधेरा घना होता गया। बारिश के दौरान बादल भी खूब गरजे, तो दर्जनों बार बिजली भी चमकी। उस वक्त बाइक चालक डरे-सहमे से गुजर रहे थे, तो कारें भी धीमी रफ्तार से जा रही थीं। बारिश जब चरम पर थी, तो रास्ते से गुजरने वाले लगभग सभी वाहनों के हेडलाइट जल रहे थे। शाम करीब पांच बजे जब बारिश की रफ्तार कम हुई, तो बादल छंटे। हालांकि उसके बाद भी बूंदाबांदी जारी रही।

----------

गांधी घाट की दीवार गिरी

आंधी-पानी की चपेट में स्वर्णरेखा नदी तट पर स्थित साकची का गांधी घाट भी आ गया, जहां छह फुट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई। करीब 100 फुट लंबी यह दीवार जब गिरी, तो आसपास से गुजर रहे लोग सहम गए। यह गनीमत रही कि इससे जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई।

--------

विद्यापति नगर में मोबाइल टावर गिरा

बारीडीह स्थित विद्यापति नगर में शुक्रवार को आई आंधी-पानी से मोबाइल टावर गिर गया। टावर विद्यापतिनगर दुर्गा पूजा मैदान के समीप स्थित अनिल कुमार के घर की छत पर लगा था, लेकिन टावर छत की बजाय सड़क पर गिरा। उस स्थान पर हमेशा लोगों का जमावड़ा रहता था, लेकिन संयोगवश उस वक्त कोई नहीं था। हालांकि दो टेंपो क्षतिग्रस्त अवश्य हो गए। लोगों का कहना था कि टावर अपने ढलाई किए गए चबूतरे के साथ उखड़ गया। यदि उसे छत के कॉलम या ढलाई के साथ जोड़ दिया जाता, तो शायद नहीं गिरता।

chat bot
आपका साथी