Jharkhand Unlock 6.0 : आहिस्ता-आहिस्ता पटरी पर लौट रहा बसों का परिचालन, यात्रियों के साथ बसों की संख्या भी बढ़ रही

करीब दो माह बाद अंतरराज्यीय बसों का परिचालन रविवार से शुरू हुआ था जिसमें मानगो बस स्टैंड से करीब एक दर्जन बसें खुलीं। इनमें यात्री भी 10 से 12 ही थे जबकि दूसरे दिन सोमवार एवं मंगलवार को यात्रियों के साथ बसों की संख्या भी बढ़ी।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 05:51 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 05:51 PM (IST)
Jharkhand Unlock 6.0 : आहिस्ता-आहिस्ता पटरी पर लौट रहा बसों का परिचालन, यात्रियों के साथ बसों की संख्या भी बढ़ रही
अंतरराज्यीय बसों के चलने से अंतर जिला बसों में भी यात्री बढ़ रहे हैं।

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। करीब दो माह बाद अंतरराज्यीय बसों का परिचालन रविवार से शुरू हुआ था, जिसमें मानगो बस स्टैंड से करीब एक दर्जन बसें खुलीं। इनमें यात्री भी 10 से 12 ही थे, जबकि दूसरे एवं तीसरे दिन सोमवार व मंगलवार को को यात्रियों के साथ बसों की संख्या भी बढ़ी।

जमशेदपुर बस आनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामउदय सिंह ने बताया कि सोमवार को पटना, गया, आरा, बक्सर, सिवान, बिहार शरीफ आदि के लिए करीब 20 बसें खुलीं। इसमें रविवार की अपेक्षा यात्रियों की संख्या में मामूली वृद्धि हुई है। हर बस में 12 से 20 तक यात्री मिले। उम्मीद है कि धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होगी। अंतरराज्यीय बसों के चलने से अंतर जिला बसों में भी यात्री बढ़ रहे हैं। पहले अंतर जिला बसों में आठ से दस यात्री ही मिल रहे थे। अब इनकी संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। हालांकि अंतर राज्यीय बसों के परिचालन से बस मालिकों-संचालकों के साथ-साथ कर्मचारियों और यात्रियों में भी खुशी देखी गई। बस संचालकों द्वारा यात्रियों को मास्क भी दिया जा रहा है। यात्री कम होने से शारीरिक दूरी का पालन भी हो रहा है।

पहले दिन नहीं भरी थी आधी सीटें

कोरोना की वजह से करीब दो माह बाद अंतरराज्यीय बसों का परिचालन रविवार को शुरू हुआ था लेकिन यात्रियों का टोटा रहा था। भुइयांडीह स्थित मानगो बस स्टैंड से रविवार को पटना की तीन, गया की दो, आरा, बक्सर, सिवान व बिहार शरीफ की एक-एक बस खुली। अंतरराज्याीय बसों के परिचालन से बस मालिकों-संचालकों में खुशी का माहौल था, लेकिन यात्रियों के नहीं रहने से मायूस रहे। जमशेदपुर बस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामउदय सिंह ने बताया था कि किसी भी बस में आधी सीट भी नहीं भरी। औसतन 10 यात्री लेकर बसें रवाना हुईं। वैसे भी वीकेंड लॉकडाउन को लेकर यात्रियों में भी भ्रम की स्थिति थी। अब एक-दो दिन में यात्री बढ़ेंगे। यात्री कम रहने से शारीरिक दूरी का पालन तो हो ही रहा है, बसों में सैनिटाइजर की भी व्यवस्था है। हर यात्री को बस संचालक की ओर से मास्क भी उपलब्ध कराया जा रहा है। बिना मास्क के किसी यात्री को बैठने नहीं दिया जा रहा है।

पुरुलिया होते हुए बोकारो, धनबाद व पाकुड़ भी गई बस

जमशेदपुर से रविवार से बोकारो, धनबाद व पाकुड़ के लिए भी बसें रवाना होने लगी। हालांकि पहले भी ये पुरुलिया होते हुए इन रूटों पर चल रही थीं, लेकिन चोरी-छिपे। अब अंतरराज्यीय परिवहन की अनुमति मिलने से बेखौफ चल रही। धीरे-धीरे यात्री बढ़ने से इन रूटों पर बसों का परिचालन पहले की तरह सामान्य हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी