सियासी अड्डा : बादल आए, लेकिन बिजय हड़बड़ा गए

कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस बिष्टुपुर के तिलक पुस्तकालय में भी मना। इसमें झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता व सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा को भी शामिल होना था। बादल व बन्ना आए भी लेकिन करीब दो घंटा पहले।

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Wed, 30 Dec 2020 04:41 PM (IST) Updated:Wed, 30 Dec 2020 04:41 PM (IST)
सियासी अड्डा : बादल आए, लेकिन बिजय हड़बड़ा गए
कांग्रेस पार्टी की स्थापना दिवस पर पहुंचे बन्ना गुप्ता

जमशेदपुर, जासं। कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस बिष्टुपुर के तिलक पुस्तकालय में भी मना। इसमें झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता व सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा को भी शामिल होना था। बादल व बन्ना आए भी, लेकिन करीब दो घंटा पहले। कुछ देर रूके झंडा फहराया और भाषण भी दिया। इसके बाद बादल रांची निकल गए। यह सबकुछ इतनी जल्दी में हो गया कि जिलाध्यक्ष बिजय खां हड़बड़ा गए। वह किसी को खबर ही नहीं दे सके। मीडिया जब निर्धारित समय दोपहर 11.30 बजे पहुंची, तो पता चला कि कृषि मंत्री तो रांची पहुंचने वाले हैं। मीडिया प्रेमी कांग्रेसी भी किसी को सूचना नहीं दे सके, क्योंकि तब तक चिड़िया खेत से उड़ चुकी थी। खुद ही फोटो खींच ली और वीडियो भी बना लिया था, ताकि मीडिया वालों से कम सुनना पड़े। शायद ऐसा पहली बार हुआ है। हां, गीता कोड़ा भी आते-आते चाईबासा में ही रह गईं।

जिला कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का भाषण नहीं सुन सके। वह तो गनीमत रही कि बिजय खां ने दोनों नेताओं के भाषण का वीडियो बना लिया था, जिससे सबको यह पता चल गया कि कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री सचमुच जिला कांग्रेस कार्यालय आए थे। बादल पत्रलेख ने अपने भाषण में कोरोना काल में स्वास्थ्य मंत्री के कार्यों की इतनी तारीफ कर दी कि सभी गदगद हो गए। बादल जमशेदपुर आए तो जमशेदपुर को गौरव की अनुभूति भी करा गए। इससे अच्छी बात क्या होगी। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में कोई मंत्री या कांग्रेस का बड़ा नेता जमशेदपुर आएगा तो इसी तरह वीडियो में उन्हें देखने का अवसर मिलेगा।

chat bot
आपका साथी