Jamshedpur Coronavirus Update : पूर्वी सिंहभूम जिले में 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग, कोरोना मरीज के ठीक होने के बाद आ रही रिपोर्ट

लैब में उपयोग होने वाली सामग्री की कमी होने की वजह से कोरोना जांच धीमी पड़ गई है। जिसके कारण 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग पड़ गया है। जिला सर्विलांस पदाधिकारी का कहना है कि जांच में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 04:23 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 04:23 PM (IST)
Jamshedpur Coronavirus Update : पूर्वी सिंहभूम जिले में 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग, कोरोना मरीज के ठीक होने के बाद आ रही रिपोर्ट
पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना जांच की गति धीमी पड़ गई है।

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना जांच की गति धीमी पड़ गई है। कुल 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग है, जिसका रिपोर्ट आना बाकी है। अब स्थिति यह हो गई है कि मरीज को स्वस्थ होने के बाद रिपोर्ट आ रही है। किसी का रिपोर्ट दस दिन तो किसी का 12 दिन के बाद रिपोर्ट आ रही है। दरअसल, जिले के विभिन्न प्रखंडों से नमूना संग्रह कर सर्विलांस विभाग आता है। यहां से महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के लैब में भेजा जाता है।

यहीं सभी नमूनों की जांच होती है लेकिन बीते कुछ दिनों से लैब में उपयोग होने वाली सामग्री की कमी होने की वजह से जांच धीमी पड़ गई है। पहले की तरह जांच नहीं हो पा रही है, जिसके कारण 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग पड़ गया है। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल का कहना है कि जांच में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रूनेट मशीन में उपयोग होने वाले किट खत्म होने की जानकारी विभाग को दी गई है।

अबतक 16 लाख से अधिक लोगों की हुई जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी तक कुल 16 लाख 27 हजार 704 लोगों की कोरोना जांच हुई है। इसमें 16 लाख 13 हजार 54 लोगों की जांच हुई है। वहीं, 14 हजार 650 नमूना पेंडिंग है। जिले में अभी तक 51 हजार 907 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है।

ट्रूनेट मशीन से नहीं हो रही जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले में ट्रूनेट मशीन से कोरोना जांच बंद हो गई है। इसका मुख्य कारण किट खत्म हो जाना है। इसकी जानकारी विभाग को भेजी गई है लेकिन अभी तक रांची से किट नहीं आई है। जिले में कुल 17 ट्रूनेट मशीन है। इन मशीनों से रोजाना लगभग 600 से 700 लोगों की जांच होती थी।

चार हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज

 कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर मंगलवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह द्वारा दक्षिण हलुदबनी तथा सरजामदा में विशेष अभियान चलाकर लोगों को टीका दिलाया गया। इस दौरान क्षेत्र के मुखिया, वार्ड मेंबर तथा पंचायत समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और घर-घर जाकर लोगों से टीका लेने की अपील की गई। इसके बाद लोग केंद्रों पर पहुंचकर वैक्सीन ली। पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल चार हजार 359 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, तीन हजार 690 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल 12 लाख 76 हजार 389 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, पांच लाख 10 हजार 703 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

पांच हजार से अधिक लोगों की हुई जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को कुल पांच हजार 484 लोगों की जांच हुई। इसमें चार कोरोना संक्रमित मरीज मिले। ये मरीज, साकची, कदमा व घाटशिला के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 911 हो गई है। वहीं, एक हजार 58 मरीजों की मौत हो चुकी है।

पांच हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से मंगलवार को कुल पांच हजार 247 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट शनिवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक 16 लाख से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी