ISL, Football News : जमशेदपुर ने नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड के जबड़े से छीनी जीत, तीसरे पायदान पर पहुंचा

ISL Football News इंडियन सुपर लीग में गुरुवार को रोचक मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड को 3-2 से पराजित कर दिया। मैच की रोचकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अतिरिक्त समय में दो गोल हुए...

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Fri, 07 Jan 2022 06:45 AM (IST) Updated:Fri, 07 Jan 2022 06:45 AM (IST)
ISL, Football News : जमशेदपुर ने नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड के जबड़े से छीनी जीत, तीसरे पायदान पर पहुंचा
ISL, Football News : जमशेदपुर ने नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड के जबड़े से छीनी जीत, तीसरे पायदान पर पहुंचा

जमशेदपुर : सर्द रात और हाड़ कंपा देने वाली ठंड। लेकिन मैदान पर अंतिम समय की लड़ाई देख दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए। अतिरिक्त समय में नॉर्थ ईस्ट ने गोल दाग मुकाबले को बराबरी पर ला दिया था, लेकिन इशान पंडित ने 93वें मिनट में गोल कर मैच को जमशेदपुर एफसी की झोली में डाल दिया।

जमशेदपुर एफसी ने गुरुवार को गोवा में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) 2021-22 के कड़े मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 3-2 से हरा दिया। इस जीत के बाद कोच ओवेन कोयले की टीम के हैदराबाद एफसी और मुंबई सिटी एफसी के बराबर अंक हो गए हैं।

तालिका में इन तीनों शीर्ष टीमों के 16-16 अंक हैं। लेकिन गोल अंतर के कारण जमशेदपुर तीन स्थानों की छलांग के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच सकी है। उसने दस मैचों में चार जीते हैं और चार ड्रा खेले हैं। वहीं, छठी हार के बाद नॉर्थईस्ट यूनाइटेड दसवें स्थान पर कायम है। हाईलैंडर्स के दस मैचों से दो जीत व दो ड्रा से आठ अंक हैं।

शुरुआत से ही दोनों टीमों ने लिखी संघर्ष की दास्तां

मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच अच्छा संघर्ष दिखाई दिया। हालांकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के मिडफील्डरों ने खेल को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया और टीम के हमलों में पैनापन नजर आया। लेकिन दूसरे हाफ में जमशेदपुर एफसी पूरी तरह से बदली नजर आई। पहले हाफ के अच्छे हमलों के कारण डेशोर्न ब्राउन के गोल से हाईलैंड को बढ़त भी मिल गई जबकि जमशेदपुर बहुत आक्रामक नजर नहीं आई। हालांकि वो कुछेक अवसर बनाने में कामयाब रही।

हाफ टाइम से ठीक पहले जॉर्डन मरे ने गोलकर जमशेदपुर को बराबरी पर ला दिया। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 था। मध्यांतर के बाद जमशेदपुर ने खतरनाक डेशोर्न को काबू में रखा। मिडफील्डरों ने डेशोर्न को ज्यादा अवसर नहीं दिया। हालांकि डेशोर्न स्टॉपेज टाइम में अपना दूसरा गोल करने में सफल रहे। दूसरे हाफ में जमशेदपुर की तरफ से अच्छे हमले बनते रहे। पहले बोरिस और फिर इशान पंडिता के गोल से टीम 3-2 से मैच जीतने में सफल रही।

चौथे मिनट में गोल कर डेशोर्न ने नॉर्थ ईस्ट को दिलाई बढ़त

मैच का पहला गोल चौथे मिनट में डेशोर्न ब्राउन ने किया और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को 1-0 की शुरुआती बढ़त मिल गई। हाफ लाइन के करीब से वीपी सुहैर से मिले एक थ्रू पास पर जमैकन स्ट्राइकर गेंद लेकर तेजी से आगे दौड़ा और अपने साथ लगे जमशेदपुर के डिफेंडरों के पीछे छोड़ते हुए बॉक्स के अंदर घुसने के बाद उन्होंने राइट फुटर शॉट से गेंद को सेकेंड पोस्ट की दिशा दे दी औऱ गोलकीपर पवन कुमार डाइव लगाने के बावजूद गेंद को गोलपोस्ट के अंदर जाने से नहीं रोक सके।

44 वें मिनट में जॉर्डन ने मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा किया

44वें मिनट में जॉर्डन मरे के गोल से जमशेदपुर 1-1 की बराबरी पर आ गई। बायीं तरफ, बॉक्स के ठीक बाहर से मिली फ्री-किक पर ग्रेग स्टीवर्ट ने फ्लोटेड शॉट लगाया और ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड ने हैडर से गेंद को फ्लिक करके गोलपोस्ट के अंदर भेज दिया और नॉर्थईस्ट के गोलकीपर मिरशाद मिचु के पास गेंद को रोकने का कोई मौका नहीं था।

बोरिस सिंह का कमाल, मेन ऑफ स्टील का धमाल

56वें मिनट में बोरिस सिंह के गोल ने जमशेदपुर को 2-1 से आगे कर दिया। एक हमले में जॉर्डन मरे ने दाहिने फ्लैंक से गेंद को माइनस करते हुए क्रॉस दिया, जिसे नॉर्थईस्ट के दोनों डिफेंडरों प्रोवत लाकड़ा और पैट्रिक फ्लोटमैन तमाम कोशिश करने के बावजूद बोरिस के पास जाने से नहीं रोक सके। मणिपुरी मिडफील्डर ने एक आसान से मौके को राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया।

पांच मिनट के स्टॉपेज टाइम में डेशोर्न ब्राउन ने मैच का दूसरा गोल करके हाईलैंडर्स को 2-2 की बराबरी पर ला दिया था। मशरूफ शरीफ से थ्रू पास लेकर जमैकन स्ट्राइकर ने यह गोल दागा। रैफरी की सिटी बजने से दो मिनट पहले ही स्थानापन्न खिलाड़ी इशान पंडिता ने एक फ्रीकिक पर गोल दाग कर जमशेदपुर को फिर से आगे कर दिया और स्कोर 3-2 हो गया। मैच इसी स्कोर पर सामाप्त हुआ।

chat bot
आपका साथी