आसमान से बरस रही आग, दिन में घर से निकलना मुश्किल

तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम का तेवर भी साफ नजर आ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 May 2019 10:00 AM (IST) Updated:Tue, 21 May 2019 06:35 AM (IST)
आसमान से बरस रही आग, दिन में घर से निकलना मुश्किल
आसमान से बरस रही आग, दिन में घर से निकलना मुश्किल

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम का तेवर भी साफ नजर आ रहा है। सूर्य ने नजरें क्या टेढ़ी की, शहरवासियों का जीना मुहाल हो गया। गर्मी का आलम यह कि सुबह नौ बजे के बाद से ही बाजार और सड़कें सुनसान होने लगी हैं। हमेशा भीड़-भाड़ रहने वाले बाजार, मॉल, चौक- चौराहे और सड़कें वीरान हो जा रहे हैं। गर्मी की वजह से बच्चे व बूढ़े सभी हलकान हैं, लोगों को न घर में चैन मिल रहा है न बाहर में। गैर कंपनी इलाकों की हालत और भी बुरी है। बिजली नहीं होने के कारण तार के पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। बस्ती इलाकों मे शाम के समय लोग सड़क किनारे बैठ गर्मी से हांफ रहे हैं। उधर, सत्तू, शरबत के ठेलों में आम दिनों के अपेक्षा ग्राहकों की अधिक भीड़ देखी जा रही है।

शनिवार शाम को हुई बारिश के बाद रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और न्युूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के मौसम में तापमान चढ़ने के साथ-साथ कई मौसमी बीमारियों व हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान के बीच लू चलने की चेतावनी जारी की है।

24-25 को हो सकती बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को शहर और आसपास के क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। सोमवार और शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल छाने के साथ मंगलवार को दोपहर बाद आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान गिरेगा, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी