जमशेदपुर में 55 हजार से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, 27 नए केस आए सामने

Coronavirus Jamshedpur Update. कोरोना वैक्सीनेशन पर जोर के साथ ही कोरोना के बढते मरीजों की संख्या चिंता का सबब है। लोगों की लापरवाही शहर को एकबार फिर परेशानी में डाल सकती है। हालात को देखते हुए प्रशासन का जोर लोगों को जागरूक करने पर है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 24 Mar 2021 11:49 AM (IST) Updated:Wed, 24 Mar 2021 11:49 AM (IST)
जमशेदपुर में 55 हजार से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, 27 नए केस आए सामने
सबसे अधिक पोटका प्रखंड में कुल एक हजार 517 लोगों ने वैक्सीन ली।

जमशेदपुर, जासं। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना वैक्सीनेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभी तक कुल 56 हजार 818 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। वहीं, 15 हजार 480 लोगों ने दूसरी डोज ली है। बुधवार को भी वैक्सीनेशन के लिए सेंटरों पर लाइन लगी हुई है।

शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैक्सीन के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। बीते मंगलवार को 12 हजार 183 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। वहीं, 784 लोगों को दूसरा डोज दिया गया। सबसे अधिक पोटका प्रखंड में कुल एक हजार 517 लोगों ने वैक्सीन ली।

कोरोना के 27 नए मामले आए सामने

पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को एक हजार 821 लोगों की जांच हुई। इसमें 27 नए मरीज मिले। सभी मरीज शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं, एक हजार 952 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट गुरुवार तक आने की संभावना है। वहीं, विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 11 लोग स्वस्थ होकर वापस घर लौटे। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 156 हो गई है। अभी तक 18 हजार 550 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 18 हजार तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इधर, मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। कदमा व सोनारी क्षेत्र में कोरोना के अधिक मामले मिल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी