बेल्डीह चर्च स्कूल पर जमीन कब्‍जा करने का आरोप, डीएसई ने अंचल अधिकारी को जांच के लिए लिखा पत्र Jamshedpur News

बेल्डीह चर्च स्कूल जमीन विवाद में फंस गई है। स्कूल प्रबंधन पर अवैध रूप से जमीन कब्‍जा करने और फर्जी हस्ताक्षर से स्कूल परिसर में बिल्डिंग निर्माण करने का आरोप है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sun, 26 Jul 2020 05:53 PM (IST) Updated:Sun, 26 Jul 2020 05:53 PM (IST)
बेल्डीह चर्च स्कूल पर जमीन कब्‍जा करने का आरोप, डीएसई ने अंचल अधिकारी को जांच के लिए लिखा पत्र Jamshedpur News
बेल्डीह चर्च स्कूल पर जमीन कब्‍जा करने का आरोप, डीएसई ने अंचल अधिकारी को जांच के लिए लिखा पत्र Jamshedpur News

जमशेदपुर, जासं।  बेल्डीह चर्च स्कूल जमीन विवाद में फंस गई है। स्कूल प्रबंधन पर अवैध रूप से जमीन कब्‍जा करने और फर्जी हस्ताक्षर से स्कूल परिसर में बिल्डिंग निर्माण करने का आरोप है। जिस जमीन पर बेल्डीह चर्च स्कूल संचालित  है वह दरअसल प्रॉपर्टी एसोसिएशन ऑफ बैप्टिस्ट चर्सेस नामक संस्था की भूमि है।

संस्था को तत्कालीन टिस्को ने लीज समझौते के तहत भूमि आवंटित किया था। तय एग्रीमेंट के तहत संस्था ने बेल्डीह बैप्टिस्ट चर्च को धार्मिक कार्यों के लिए सशर्त दिया था। पिछले एक दशक से लगातार बेल्डीह बैप्टिस्ट चर्च और बेल्डीह चर्च स्कूल प्रबंधन पीएबीसी संस्था की भूमि कब्जाने की मंशा से फर्जीवाड़ा कर रहे थे। समझौते की शर्तों में यह स्पष्ट उल्लेख था कि बगैर पीएबीसी संस्था की लिखित अनुमति के उनकी भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य वर्जित रहेगा।

फर्जी हस्‍ताक्षर कर नक्‍शा पास कराने का आरोप

शर्तों का उल्लंघन करते हुए स्कूल प्रबंधन ने वर्ष 2012 में पीएबीसी संस्था के फर्जी हस्ताक्षर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति से भवन निर्माण का नक्शा पास करवाकर निर्माण कराया। इसकी जानकारी मिलने पर पीएबीसी संस्था ने जेएनएसी सहित जमशेदपुर जिला प्रशासन को इसपर आपत्ति दर्ज़ कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था। उपायुक्त कार्यालय के टाटा लीज विभाग ने लगातार जेएनएसी से जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए आदेश जारी किया, लेकिन पैरवी के बल पर जेएनएसी ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। एकबार फ‍िर यह विवाद गर्माया है। प्रॉपर्टीज एसोसिएशन ऑफ बैप्टिस्ट चर्चेस के बिहार-झारखंड प्रमुख ने मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए एकबार फ‍िर से जिला प्रशासन को पत्राचार किया है। संस्था ने उपायुक्त के अलावे जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर संस्था की भूमि पर अवैध और अनाधिकृत रूप से बेल्डीह चर्च स्कूल के संचालित किये जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

मनमानी का भी आरोप

प्रशासन को लिखे पत्र में संस्था ने जिक्र किया है कि बीते कुछ वर्षों में बेल्डीह चर्च स्कूल लगातार कानून की अवमानना कर अनाधिकृत गतिविधियों में संलिप्त थी। पीएबीसी द्वारा लगातार चेतावनी दिये जाने के बावजूद  स्कूल प्रबंधन की मनमानी नहीं रुकी। बीते वर्ष 2019 में पीएबीसी संस्था ने बेल्डीह बैप्टिस्ट चर्च की संबद्धता समाप्त कर दिया था और  तत्काल प्रभाव से उनकी संपत्ति से अवैध और अनाधिकृत कब्जा हटाने को कहा था। इसके बावजूद स्कूल ने अनाधिकृत और अवैध रूप से संस्था की भूमि पर कब्‍जा जमाये रखा है।

अंचल अधिकारी करेंगे जांच, डीएसई ने लिखा पत्र

पीएबीसी संस्था के बिहार-झारखंड प्रमुख की ओर से प्राप्त शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने मामले में जांच के आदेश जारी किए हैं।  डीएसई विनीत कुमार ने जमशेदपुर के अंचल अधिकारी को पत्र लिखकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसपर पीएबीसी संस्था के बिहार-झारखंड प्रक्षेत्र के प्रॉपर्टी ऑटार्नी संजीव नायक ने कहा कि बीते वर्ष ही संस्था ने बिष्टुपुर के बेल्डीह बैप्टिस्ट चर्च की मान्यता समाप्त करते हुए संस्था की भूमि खाली करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद अबतक पीएबीसी की भूमि पर अवैध कब्जा बरकरार है। उन्होंने बताया कि वे बीती आठ वर्षों से ज्यादा समय से जिला प्रशासन से मामले में जांच और कार्रवाई का आग्रह कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों को ठंडे बस्ते में डालकर स्कूल प्रबंधन को राहत दी जा रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंचल अधिकारी की जांच के बाद पीएबीसी संस्था की भूमि को अवैध दखल से मुक्त कराया जायेगा।

chat bot
आपका साथी