दूर हुई अभिभावकों की चिंता, स्कूल एडमिशन में आधार अनिवार्य नहीं Jamshedpur News
Adhar. डीडीसी ने जिला शिक्षा अधीक्षक विनीत कुमार से बात कर कहा कि एडमिशन के लिए आधार अनिवार्य नहीं है। वे इस आशय का आदेश जिले के सभी निजी स्कूलों को जारी करें।
जमशेदपुर (जासं)। Adhar आधार केंद्र की कमी और स्कूल एडमिशन में इसे अनिवार्य करने की वजह से अभिभावक परेशान हैं। शहर के आधार केंद्रों में नया कार्ड बनाने के लिए चार-चार माह तक इंतजार करने को कहा जा रहा है। ऐसे में हजारों बच्चों का एडमिशन नहीं हो पाएगा।
इस बात की जानकारी मिलने पर जिले के उपविकास आयुक्त (डीडीसी) विश्वनाथ माहेश्वरी ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। जब सुप्रीम कोर्ट ने कह दिया है कि आधार कार्ड अनिवार्य नहीं है। केंद्र व राज्य सरकार ने इसे अनिवार्य करने का आदेश नहीं दिया है तो स्कूल प्रबंधन इसे अनिवार्य कैसे कर सकता है। उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा अधीक्षक विनीत कुमार से बात की, तो उन्होंने भी कहा कि एडमिशन के लिए आधार अनिवार्य नहीं है। वे इस आशय का आदेश जिले के सभी निजी स्कूलों को जारी करेंगे।
बच्चे की पहचान के लिए अभिभावक से अन्य पहचान पत्र लिए जा सकते हैं, लेकिन आधार कार्ड को अनिवार्य बताकर स्कूल प्रबंधन दाखिला लेने से मना नहीं कर सकता। दूसरी ओर उपविकास आयुक्त ने कहा कि आधार कार्ड उन बच्चों के लिए अनिवार्य है, जिन्हें सरकार से छात्रवृत्ति या किसी तरह का अनुदान मिलता है। इसकी वजह है कि सभी तरह के अनुदान बच्चे के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं। बैंक खातों का आधार से जुड़ाव (लिंक) रहता है। राशि वितरण में पारदर्शिता बरतने और गड़बड़ी रोकने के लिए यह किया जा रहा है। कई छात्रों की छात्रवृत्ति इसी वजह से रूकी हुई है, क्योंकि बैंक उनकी केवाइसी-मैपिंग नहीं कर पा रहे हैं।
जिले में आधार केंद्रों की सूची तलब
आधार केंद्रों का संचालन केंद्र सरकार के अधीन किया जा रहा है। प्रज्ञा केंद्र से नया कार्ड बनाने का अधिकार ले लिया गया है, वे सिर्फ उसमें सुधार कर सकते हैं। जिला में सिर्फ को-आर्डिनेटर है, जो केंद्र में किसी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर कार्रवाई करता है। उपविकास आयुक्त ने एलडीएम (अग्रणी जिला प्रबंधक) से शनिवार को उन सभी बैंकों की सूची तलब की है, जिनके यहां आधार केंद्र संचालित हो रहे हैं। डीडीसी ने बताया कि डाकघर द्वारा संचालित होने वाले आधार केंद्रों की सूची भी एकत्र कर रहे हैं।
मानगो में एक भी आधार केंद्र नहीं
जमशेदपुर से सटे मानगो क्षेत्र में करीब दो लाख की आबादी है, लेकिन यहां एक भी आधार केंद्र नहीं है। ना यहां कोई बैंक केंद्र चला रहा है, ना डाकघर। यहां के निवासियों को आधार कार्ड बनवाने के लिए जमशेदपुर में भटकना पड़ता है।