गिरफ्तार कर भेजिए जेल अन्यथा मामले की निष्पक्ष जांच कीजिए

संवाद सूत्र बड़कागांव (हजारीबाग) भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य पूनम साव पर दर्ज मामले का विरोध किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 09:14 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 09:14 PM (IST)
गिरफ्तार कर भेजिए जेल अन्यथा मामले की निष्पक्ष जांच कीजिए
गिरफ्तार कर भेजिए जेल अन्यथा मामले की निष्पक्ष जांच कीजिए

संवाद सूत्र, बड़कागांव (हजारीबाग) : भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य पूनम साव पर बड़कागांव थाने में करीब माह पूर्व के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के विरोध में शुक्रवार खूब हंगामा हुआ। हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल और बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव भाजपा नेत्री के साथ बड़कागांव थाने पहुंचे और थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। कहा कि पूनम साव अगर आरोपित हैं तो अभी गिरफ्तार कर भेज भेजिए नहीं तो निष्पक्ष जांच कीजिए। मामले को उलझाने का प्रयास न करें।

ज्ञातव्य हो कि बड़कागांव सामुदायिक भवन में आक्सीजन नहीं मिलने के कारण एक बच्चे की मौत मामले में भाजपा नेत्री ने चिकित्सक से पूछताछ करने और स्वास्थ्य केंद्र की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर आवाज उठाई थी। इसको लेकर स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित एक चिकित्सक के आवेदन पर थाने में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले को लेकर थाने पहुंचे वर्तमान और पूर्व विधायक द्वारा पूनम साव पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया। साथ ही सारे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए तत्काल मुकदमे को वापस लेने की मांग की। इसके बाद बड़कागांव थाना प्रभारी ने इसकी सूचना अपने एसडीपीओ भूपेंद्र राउत को दी। तत्पश्चात एसडीपीओ वहां पहुंचे और भाजपा नेत्री से घटना की पूरी जानकारी ली। एसडीपीओ भूपेंद्र रावत ने सदर विधायक मनीष जायसवाल और बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव को आश्वासन दिया कि दर्ज इस मुकदमे का अनुसंधान खुद करेंगे और निष्पक्ष कार्रवाई होगी। नेताद्वय ने बड़कागांव एसडीपीओ और थाना प्रभारी से यह भी कहा कि अगर पूनम साव आरोपी है तो इसे हमलोग लेकर स्वेच्छा से आपके बीच आए हैं इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दीजिए अन्यथा हमलोग अपने साथ लेकर जाएंगे। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद नेताद्वय सहित गोलबंद भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण पूनम साव के साथ वापस लौटे।

--------------------

chat bot
आपका साथी