बसिया का सपूत संतोष जम्मू-कश्मीर में हुआ शहीद

सीमा पर शहीद हुआ गांव का लाल संतोष गोप वाकई में हमारे गांव के लिए आदर्श युवा था। उसका आचार व्यवहार काफी अच्छा था। नशा से दूर था। वह खैनी गुटका भी नहीं खाता था। मेहमानी जाना भी पंसद नहीं करता था। घर और गांव में रहकर सबसे मिलते जुलते रहता था। उसका मिलनसार स्वभाव हमेशा याद रहेगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Oct 2019 07:35 PM (IST) Updated:Sun, 13 Oct 2019 07:35 PM (IST)
बसिया का सपूत संतोष जम्मू-कश्मीर में हुआ शहीद
बसिया का सपूत संतोष जम्मू-कश्मीर में हुआ शहीद

जागरण संवाददाता, गुमला : देश की सेवा में शहादत देने वालों में गुमला के बसिया प्रखंड के टेंगरा गांव का सपूत संतोष गोप का भी नाम शुमार हो गया है। वह शनिवार की रात जम्मू- कश्मीर में शहीद हो गए। सेना के अधिकारियों ने शनिवार देर रात ही इसकी जानकारी शहीद के परिवार वालों को दे दी। बताया गया कि पाकिस्तान से सटे रजौरी के नवशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों के सीज फायर उल्लंघन में भारतीय जवान संतोष गोप घायल हो गया था। संतोष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह शहीद हो गया। शहीद के बड़ा भाई नीलांबर गोप ने बताया कि शनिवार की रात करीब दस बजे सेना के कर्नल ने फोन पर यह जानकारी दी। रविवार की सुबह भी मोबाइल पर सेना के कर्नल ने फोन किया और बताया कि शहीद संतोष का पार्थिव शव विमान से रांची भेजा जाएगा जहां से हेलीकाप्टर से सोमवार की सुबह शव गांव पहुंचेगा। घर वालों को शादी के लिए लड़की देखने को कह गया था भारतीय सेना का जवान संतोष गोप इस साल दो मई को अवकाश में घर आया था और चार जून को अवकाश समाप्त होने पर-जम्मू कश्मीर के लिए घर से चला था। उसकी मां सारो देवी और पिता जीतू गोप के अनुसार उसने कहा था कि वह इस साल शादी करेगा, आप लोग लड़की देख कर रखें। उसकी योजना गुमला में जमीन खरीदकर घर बनाने की थी। लेकिन उसकी योजना और सपना धरे के धरे रह गए। आज गांव पहुंचेगा शहीद का शव शहीद संतोष का शव सोमवार को उसके पैतृक गांव बसिया के टेंगरा पहुंचेगा। रांची से उसका शव हेलिकाप्टर से लाया जाएगा। जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियां आरंभ कर दी गई है। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों का इस गांव में पहुंचना आरंभ हो गया है। रविवार दोपहर बसिया के एसडीपीाओ दीपक कुमार और पुलिस निरीक्षक बैजू उरांव, गांव पहुंचे थे और परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी। सरकार से मिलने वाली सुविधआों की भी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि सम्मान के साथ शहीद का शव लाया जाएगा। हेलिपैड से घर तक शव को सेना और पुलिस के जवान कंधा देकर लाएंगे जहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। गांव के खेल मैदान में हैलीपैड बनाया जा रहा है। पूरे गांव में पसरा है मातम, लोग हैं गमगीन सेना के जवान संतोष गोप के शहीद होने से टेंगरा गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग गमगीन हैं। संतोष के शहीद होने की खबर पाकर गांव-घर ही नहीं पूरे बसिया प्रखंड के सामाजिक कार्यकर्ता, जन प्रतिनिधि, रिश्तेदार टेंगरा गांव पहुंच रहे हैं। बेटा के देश सेवा में शहीद होने का गर्व

जीतू गोप गमगीन हैं। उनका कहना है कि बड़े लाड प्यार से बेटा को पाला था। पुत्र खोने का गम है लेकिन उनका बेटा देश की सेवा में शहीद हुआ है इसका गर्व है। जब बेटा की सेना में नौकरी हो गई थी तो उन्हें लगा था कि अब उसे सहारा देने वाला मिल गया था। वह परिवार को आर्थिक मदद किया करता था। परिवार का एक मात्र कमाने वाला सदस्य था वह भी शहीद हो गया।

chat bot
आपका साथी