अ‌र्घ्यदान कर लोगों ने की सर्वमंगल की कामना

श्रद्धा भक्ति शुद्धता शुचिता साधना उपासना का महापर्व शनिवार की सुबह उदीयम

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Nov 2020 09:51 PM (IST) Updated:Sat, 21 Nov 2020 09:51 PM (IST)
अ‌र्घ्यदान कर लोगों ने की सर्वमंगल की कामना
अ‌र्घ्यदान कर लोगों ने की सर्वमंगल की कामना

जागरण टीम,गुमला : श्रद्धा भक्ति, शुद्धता शुचिता साधना उपासना का महापर्व शनिवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्यदान करने के साथ संपन्न हो गया। इस पर्व में लोक आस्था का भाव दिखाई पड़ रहा था। श्रद्धा और भक्ति से लोग ओतप्रोत थे। इस महापर्व में जहां लोगों से शुक्रवार की शाम में अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्यदान किया वहीं शनिवार की सुबह में भगवान भास्कर को नमन किया। साथ ही अ‌र्घ्यदान कर लोगों को सर्वमंगल की कामना की। व्रतियों ने पूरी दुनिया से कोरोना के समाप्त होने की भी कामना की। गुमला शहर के वन तालाब, मुरली बगीचा तालाब, सिसई रोड भट्ठी तालाब पर छठ व्रतियों और उनके सगे संबंधियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के पवित्र नदियों और सरोवरों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। प्रकाश की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई थी। इसी तरह दक्षिणी कोयल नदी के नागफेनी, जोलो घाट, बसिया कोनबीर घाट, शंख नदी में पुराना मांझाटोली घाट, चैनपुर में साफी नदी, डुमरी में लावा और वासा नदी, सिसई में पारस नदी पर छठ घाट बनाए गए थे जहां लोगों ने पूजा अर्चना की। अ‌र्घ्यदान के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। बहुत से लोग व्रतियों से टीका करा रहे थे। प्रसाद मांग रहे थे। व्रतियों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ले रहे थे। दृष्टिहीन बबलू पांडेय ने दिया दंड

शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह में मन्नत मांगने वाले व्रतियों ने भगवान भास्कर को कठिन दंड अर्पित किया। जवाहर नगर के दृष्टिहीन बबलू पांडेय में उनमें शामिल थे। उनको विश्वास है कि भागवान भास्कर और छठी मइया अंधे को भी आंख की रोशनी प्रदान करते हैं। बहुत से महिलाएं दंड देती हुई छठ घाट पहुंची थी।

फल व मास्क का वितरण

व्रतियों की सेवा कर और उन्हें मदद पहुंचा कर पुण्य अर्जित करने वाले लोगों और संस्थानों द्वारा विभिन्न छठ घाटों पर फल का वितरण किया गया। भट्ठी तालाब पर सिसई रोड छठ पूजा समिति के सदस्यों और अन्य लोगों द्वारा भी यह नेक काम किया गया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नवयुवक संघ द्वारा व्रतियों और उनके साथ आने वालों के बीच मास्क का भी वितरण किया गया। अधिकारी थे चौकस, घाटों का किया निरीक्षण

गुमला शहर सहित गुमला अंचल के छठ घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शहर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। कड़ाई से नो इंट्री का पालन कराया गया। सभी घाटों पर सुरक्षा कर्मी और दंडाधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, आरक्षी अधीक्षक एचपी जर्नादन, अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने वन तालाब , भट्ठी तालाब और दक्षिणी कोयल नदी में नागफेनी घाट का निरीक्षण किया और की गई व्यवस्था का जायजा लिया। इन अधिकारियों ने लोगों से शांति पूर्वक पर्व करने की अपील की। पूरे जिले से किसी अप्रिय वारदात की खबर नहीं है। नगर परिषद द्वारा सड़कों पर पानी पटाने का काम किया गया था। साफ सफाई का पूरा ख्याल रखा गया था। सिसई रोड भट्ठी तालाब में बनाया गया फब्बारा आकर्षण का केन्द्र था। लोग प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना कर रहे थे। छठ गीत व गाजे-बाजे से गूंज रहे थे घाट

छठ घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। पूजा समितियों द्वारा प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई थी। कई व्रति अपनी मन्नत पूरी होने पर गाजेबाजे के साथ अ‌र्ध्यदान करने आए थे। छठ के गीत महिलाएं गा रही थी। आस्था का इजहार कर रही थी। सिसई रोड भट्टी तालाब के किनारे 12 घंटे का अखंड कीर्तन किया गया। चहुंओर भक्ति का उल्लास था।

chat bot
आपका साथी