म्यांमार में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस लाएंगे सोनू सूद

लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के मसीहा बनकर उभरे फिल्म स्टार सोनू सूद ने रोजगार के लिए बर्मा में फंसे गिरिडीह हजारीबाग एवं बोकारो जिले के 31 मजदूरों की घर वापसी कराने का निर्णय लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Jul 2020 08:56 PM (IST) Updated:Sun, 26 Jul 2020 06:19 AM (IST)
म्यांमार में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस लाएंगे सोनू सूद
म्यांमार में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस लाएंगे सोनू सूद

गिरिडीह : लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के मसीहा बनकर उभरे फिल्म स्टार सोनू सूद ने रोजगार के लिए बर्मा में फंसे गिरिडीह, हजारीबाग एवं बोकारो जिले के 31 मजदूरों की घर वापसी कराने का निर्णय लिया है। सोनू सूद की टीम ने मजदूरों से संपर्क भी साधा है। मजदूरों के फंसे होने की खबर को बोकारो जिले के बेरमो जरीडीह बाजार का युवक विकास कुमार गुप्ता ने सोनू सूद को ट्वीट किया था। इस ट्वीट को संज्ञान में लेते हुए सोनू सूद के टीम मैनेजर ने मजदूरों का मोबाइल नंबर मांगा था। प्रवासी मजदूरों के लिए काम करनेवाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने मोबाइल नंबर उपलब्ध करा दिया है। यह जानकारी सिकंदर अली ने दैनिक जागरण को दी है।

विदित हो कि ये सभी 31 मजदूरों को 6 माह पूर्व टावर लाइन में काम कराने के लिए म्यांमार ले जाया गया था। मजदूरों को एक नामी कंपनी में काम दिलाने की बात कह म्यांमार भेजा गया था, लेकिन उन्हें काम के बदले वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। फंसे मजदूरों की सूचना के मुताबिक सभी को मात्र एक समय का खाना दिया जा रहा है। काम के बदले न तो पैसा दिया जा रहा है न ही उन्हें वापस घर भेजा जा रहा है। वे वतन वापस आना चाह रहे हैं, लेकिन उनके पास आने के लिए पैसे नहीं हैं।

म्यांमार में फंसे हैं ये मजदूर :

म्यांमार में फंसे मजदूरों में हजारीबाग जिला के विष्णुगढ थाना क्षेत्र के टेकनारायण महतो, सत्यनारायण कुमार महतो, नीलकंठ महतो, केदारनाथ महतो, विवेक कुमार पटेल, रामचंद्र महतो, गंगा महतो, मोहन महतो, बंधन महतो, छट्टू मिस्त्री, अजय कुमार महतो, रामकिशुन महतो, उमेश महतो, मैनेजर महतो, सुनील कुमार महतो, महेश महतो, छत्रु कुमार महतो, छात्रधारी महतो, खिरोधर महतो, सुरेंद्र कुमार महतो, टाटीझरिया थाना क्षेत्र के सुनील कुमार महतो, गिरिडीह जिला के बगोदर थाना क्षेत्र के कोलेश्वर महतो, रामदेव मुर्मू, भागीरथ महतो, सरिया थाना क्षेत्र के नीलकंठ महतो, धनेश्वर महतो, परमेश्वर महतो, बोकारो जिला के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के रहनेवाले शंकर महतो, लालमन महतो, लखन महतो व जगदीश महतो शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी