सीएम रघुवर बोले, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे सभी धर्म स्थल

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के सभी धर्म स्थलों को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने का लक्ष्य है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 17 Apr 2018 12:02 PM (IST) Updated:Tue, 17 Apr 2018 01:04 PM (IST)
सीएम रघुवर बोले, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे सभी धर्म स्थल
सीएम रघुवर बोले, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे सभी धर्म स्थल

गिरिडीह, जेएनएन। देश को किसी नेता ने नहीं, ऋषि-मुनियों व तपस्वियों ने बनाया है। यहां धर्म की धारा बहती है। झारखंड के सभी धर्म स्थलों को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने का लक्ष्य है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, राज्य की अर्थव्यवस्था सुधरेगी। यह बात सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंडधाम में सोमवार से शुरू हुए तीन दिनी झारखंडधाम महोत्सव में लोगों को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय, जमुआ विधायक केदार हाजरा, गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पर्यटन सचिव मनीष रंजन और भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह ने महोत्सव का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि भारत तो पहला विश्व गुरु था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे फिर विश्व गुरु के स्थान पर पहुंचाने को शिद्दत के साथ काम कर रहे हैं। झारखंडधाम को विकसित किया जाएगा। झारखंडधाम में भगवान शंकर के एक साथ दो शिवलिंग होने और हवा में 51 फीट ऊंची बजरंग बली की प्रतिमा को आश्चर्यजनक बताया। कहा कि किरात के रूप में यहां भगवान शंकर का अवतार हुआ था। अर्जुन को यहां ही प्रभु से शस्त्र प्राप्त हुआ था। भोलेनाथ इतनी शक्ति दें कि गरीबों के चेहरे पर मुस्कान ला सकें।

झारखंड में सोना, चांदी, लोहा, कोयला का भंडार है। यहां मेहनतकश लोग हैं। पर, पूर्व की सरकारों ने जनमानस को सिर्फ ठगा। स्थानीय नीति के नाम पर सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंकी। उनकी सरकार ने आते ही स्थानीय नीति को परिभाषित किया। फलाफल यह निकला कि सूबे में अब जो नौकरियां हो रहीं हैं उनमें 95 फीसद झारखंड के युवाओं को लाभ मिल रहा है। ग्रामीण सीधे तौर पर अपने गांव का विकास कर सकेंगे। इसके लिए आदिवासी ग्राम विकास समितियों का गठन हो रहा है। गांव के कार्य ग्रामीण ही तय करेंगे। सरकार समिति के खाते में सीधे रुपये भेजेगी। 20 फीसद राशि ग्रामीणों को श्रमदान के तहत देनी होगी, 80 फीसद राशि सरकार भेजेगी। कहा कि किसी भी सूरत में 18 वर्ष से कम उम्र की बेटी की शादी नही करें। पहले पढ़ाई फिर विदाई करें। विधायक हाजरा की मांग पर सीएम ने झारखंडधाम संस्कृत उच्च विद्यालय और महाविद्यालय के कायाकल्प का आश्वासन दिया।

संस्कृत हमारी प्राचीन भाषा है। इसके उत्थान को सरकार जरूरी कदम उठाएगी। पूरे भारत का महोत्सव बनेगा झारखंडधाम महोत्सव झारखंडधाम महोत्सव केवल गिरिडीह का ही नहीं पूरे राज्य का महोत्सव बन गया है। आने वाले दिनों में पूरे भारत का यह महोत्सव होगा। राज्य सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। तीन वर्षो में बड़ी संख्या में पर्यटक झारखंड आए हैं। अब तो विदेशी पर्यटक भी झारखंड आने लगे हैं। बाबा बैद्यनाथ, पारसनाथ, इटखोरी मंदिर, रजरप्पा मंदिर आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। महिलाओं को हुनरमंद बना रही सरकार मुख्यमंत्री दास ने कहा कि राज्य में रोजगार सृजन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

गांव स्तर पर छोटे-छोटे उद्योगों को स्थापित कर गरीबी उन्मूलन के लिए सरकार काम कर रही है। इसी कड़ी में महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित कर हुनरमंद भी बनाया जा रहा है। कौशल विकास प्रशिक्षण का सीधा लाभ रोजगार के रूप में महिलाओं को मिल रहा है। राज्य में पहले की अपेक्षा आज महिला स्वयं सहायता समूह ज्यादा सक्रिय हैं। 

chat bot
आपका साथी