वन अधिकारियों की आने की सूचना लीक, खदान बंद कर भाग गए संचालक
गिरिडीह गुरुवार को गावां प्रखंड अंतर्गत बेंड्रो व कोनारबांक में संचालित अवैध माइका खदान का
गिरिडीह : गुरुवार को गावां प्रखंड अंतर्गत बेंड्रो व कोनारबांक में संचालित अवैध माइका खदान का रांची से आए आरसीसीएफ के वेंकेटेश्वर लू ने निरीक्षण किया। उनके साथ गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ प्रवेश अग्रवाल भी थे। इस दौरान माइका खदान बंद दिखा। चूंकि खदान संचालकों को पहले ही सूचना मिल गई थी इसलिए कहीं भी खदान का संचालन होता नहीं दिखा। वेंकेटेश्वर लू ने उपस्थित वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार व फोरेस्टर जय प्रकाश महतो से कहा कि क्षेत्र में माफिया खदान चलाते हैं तो कार्रवाई करें। गरीब मजदूर अगर ढिबरा चुनकर गुजर बसर करते हैं तो ज्यादा दिक्कत नहीं है परंतु अगर माफियाओं की ओर से खदान संचालन का कार्य होता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई करें। मौके पर डीएफओ, वनरक्षी संजय कांत यादव, बम शंकर वर्मा, पवन चौधरी, सुनील हेंब्रम, हीरालाल पंडित, अमित व पप्पू शर्मा आदि मौजूद थे।
जमीन विवाद में महिला घायल : जमीन विवाद में एक महिला को मारकर जख्मी कर दिया गया। स्वजनों ने इलाज को उसे बेंगाबाद के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला लुप्पी पंचायत के कदमाटोल गांव का है। बताया जाता है कि भरत तुरी और रमा तुरी के बीच जमीन विवाद चल रहा था। भरत तुरी ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद हम सभी घर के सदस्य अपने अपने काम में व्यस्त थे। इसी बीच लगभग चार बजे शाम रामा तुरी विवादित जमीन पर ट्रैक्टर ले जाकर जुताई करने लगा। जब मेरी पत्नी सोनू देवी को इस बात की जानकारी हुई तो उसने वहां जाकर खेत जोतने से मना किया। इसी बात पर रामा तुरी के बेटे बिनोद तुरी ने मेरी पत्नी के माथे पर कुदाल से वार कर दिया जिससे वह घायल हो गई। इस संबंध में घायल महिला ने थाना में आवेदन देकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।