सास से विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत

जमुआ थाना के मुरखारी गांव में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Apr 2019 07:42 PM (IST) Updated:Mon, 15 Apr 2019 06:41 AM (IST)
सास से विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत
सास से विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत

संस, झारखंडधाम: जमुआ थाना के मुरखारी गांव में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की है। मृतका के ससुर नरेश पंडा ने इसकी सूचना उसके मायके वालों को दी। मृतका 24 वर्षीय सुजीता देवी तथा उसकी सास के बीच शनिवार को दिन में विवाद हुआ था। इस पर विवाहिता ने आवेश में आकर घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आसपास के लोगों का कहना है कि इस परिवार में पहले से अनबन होती रहती थी। उसका पति कुलदीप पंडा विगत छह माह से मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजीव कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विनय कुमार, जमुआ के थानेदार जोगेंद्र सिंह ने शनिवार रात दो बजे घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर ससुराल वाले शव को घर के आंगन में रखकर ताला बंद कर भाग गए थे।

पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, कहा- बाइक के लिए मार डाला: मृतका के गले में रस्सी का दाग उभर आया था तथा पांव के तलवे पर खून का निशान दिख रहा था। उसका मायका दुमका के शिकारीपाड़ा क्षेत्र के लेरूवा गांव में है। मृतका के पिता रामजीवन गोस्वामी ने रविवार सुबह थाने में आवेदन देकर कहा है कि दहेज में मोटरसाइकिल नहीं देने पर उसे ससुराल वालों ने एक षड्यंत्र के तहत मार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सास कांति देवी, ससुर नरेश गिरि, चंद्रदेव पंडा, जयदेव पंडा व पति कुलदीप पंडा को नामजद आरोपित बनाया है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं।

chat bot
आपका साथी