भाजपा विधायकों को साधने निकलीं कोडरमा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी

कोडरमा लोक सभा से भाजपा प्रत्याशी का नामांकन 16 अप्रैल को होना है। तैयारी के लिए शुक्रवार को जमुआ विधायक केदार हाजरा के आवास में बैठक हुई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Apr 2019 11:03 PM (IST) Updated:Sat, 13 Apr 2019 06:16 AM (IST)
भाजपा विधायकों को साधने निकलीं कोडरमा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी
भाजपा विधायकों को साधने निकलीं कोडरमा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी

संस, बगोदर/जमुआ: कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी भाजपा विधायकों को अपने पक्ष में करने के मिशन में जुट गयीं हैं। शुक्रवार की शाम वे बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के खेतको स्थित आवास पहुंचीं और उनका सहयोग व आशीर्वाद मांगा। 16 मई को नामांकन में शामिल होने के लिए गिरिडीह आने का निमंत्रण भी दिया। इधर गांडेय एवं जमुआ के भी भाजपा विधायकों ने अन्नपूर्णा देवी के समर्थन में अभियान शुरू कर दिया है।

बगोदर में अन्नपूर्णा बोलीं, बेटी-बहू बनकर आई आपके बीच: अन्नपूर्णा देवी शुक्रवार देर शाम बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के पैतृक आवास खेतको पहुंचीं। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वे लोगों के बीच बेटी, बहू व बहन बनकर आई हैं। वर्तमान सांसद रवींद्र कुमार राय के बारे में कहा कि वे मेरे बड़े भाई हैं और पार्टी के लिए निष्ठावान बनकर बेहतर कार्य करेंगे। मौके पर बरकट्ठा के पूर्व विधायक अमित यादव, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अशीष कुमार बार्डर, भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य प्रवीण कुमार, शशि कुमार, दीपू मंडल समेत काफी संख्या में बगोदर विधानसभा के कार्यकर्ता शामिल थे।

जमुआ: शुक्रवार को जमुआ के विधायक केदार हाजरा के पैतृक आवास कारोडीह में विधानसभा स्तर के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए गए। 16 अप्रैल को गिरिडीह पहुंचने पर चर्चा हुई। अध्यक्षता अशोक कुमार सिंह ने और संचालन महामंत्री मुन्ना कुमार राय ने किया। मौके पर मनोज हाजरा, सुरेश हाजरा, कृष्णदेव राय, सुरेश राय, बैजनाथ यादव, केदार यादव, प्रदीप सिंह, लक्ष्मण महतो, दशरथ प्रसाद वर्मा आदि थे।

खोरीमहुआ: भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बरजो स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि राज्य के सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि पार्टी की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के नामांकन में क्षेत्र से कई लोग शामिल होंगे। मौके पर पवन सिंह, बबलू सिंह, अजय सिंह, रंजन सिन्हा, शैलजा सिंह आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी