Giridih में दुष्‍कर्म के बाद कुएं में फेंकी गई 15 साल की नाबालिग, हिलने-डुलने तक की नहीं थी ताकत, आखिर में मौत

15 साल की बच्‍ची के साथ दरिंदगी करने के बाद दुष्‍कर्मियों ने उसे कुएं में फेंक दिया ताकि उनके खिलाफ सारे सबूत मिट जाए। बच्‍ची की मौत से इलाके में माहौल गमगीन है। पुलिस ने की एक की गिरफ्तारी।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 29 May 2023 05:48 PM (IST) Updated:Mon, 29 May 2023 05:48 PM (IST)
Giridih में दुष्‍कर्म के बाद कुएं में फेंकी गई 15 साल की नाबालिग, हिलने-डुलने तक की नहीं थी ताकत, आखिर में मौत
दुष्कर्म के बाद नाबलिग छात्रा को कुएं में फेंका।

HighLights

  • बच्‍ची के कपड़े फटे हुए थे, उसका पैर भी ठीक से काम नहीं कर रहा था।
  • अस्‍पताल ले जाने के रास्‍ते तोड़ा दम।
  • विशेष समुदाय के युवकों पर शक।

संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह)। बिरनी थाना क्षेत्र के वेदापहरी की 15 वर्षीय मैट्रिक की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसे कुएं में फेंक दिया गया। सुबह बच्ची को जब तक अस्पताल ले जाते, तब तक उसका दम टूट चुका था।

दुष्‍कर्म के सबूत मिटाने के लिए लड़की को कुएं में फेंका

पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। छात्रा के पिता के मुताबिक, सामूहिक दुष्कर्म के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए हत्या की नीयत से उसे कुएं में डाला गया है। सोमवार अलसुबह करीब दो बजे से 15 वर्षीय छात्रा अपने घर से गायब थी। सुबह करीब आठ बजे घर से दो किलोमीटर दूरी पश्चिम दिशा में थोरिया-गजोडीह के एक कुएं से बेहोशी की हालत में वह मिली।

नाबालिग के शरीर पर कपड़े फटे हुए

ग्रामीणों ने उसे कुएं में देखा तो हल्ला किया। लोगों की भीड़ जमा हो गई। मानवता को देखते हुए थोरिया के एक पारा शिक्षक हातिम अंसारी ने कुएं में कूद कर उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। वेदापहरी के एक व्यक्ति की पुत्री के रूप में उसकी पहचान हुई। नाबालिग बच्ची का पैर काम नहीं कर रहा था व कपड़े फटे हुए थे। ग्रामीणों ने उसके स्वजन को इसकी सूचना दी।

अस्‍पताल ले जाने के रास्‍ते तोड़ा दम

स्वजन घटनास्थल पर पहुंच बेहोशी की हालत में इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन उसे घर ले गए। घटना की सूचना बिरनी थाना पुलिस को दे दी गई।

सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह व एएसआइ इलियास बागे पुलिस दल के साथ वहां पहुंचे व स्वजनों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस कुएं के पास पहुंच उसकी जांच की और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह ले गई। मृतक छात्रा के घर पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

शक के घेरे में विशेष समुदाय के लोग

पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। कहा जा रहा था कि इस घटना काे अंजाम देने में एक विशेष समुदाय के युवक शामिल हैं।

मृतका के पिता ने बताया कि रविवार रात को पूर्व प्रमुख सुलोचना देवी के घर पर पोते का जन्म दिन मनाया जा रहा था। वहीं पर पुत्री के साथ पूरे स्वजन गए थे। वहां से रात करीब 12 बजे अपने घर पुत्री समेत स्वजन वापस लौटे। घर का दरवाजा बंद कर सभी लोग अपने-अपने कमरे में सो गए।

गांव में दोनों समुदायों के बीच तनाव का माहौल

सुबह सोकर उठे तो पुत्री घर पर नहीं थी। सूचना पर वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे तब तक एक ग्रामीण ने बेहोशी की हालत में उसे कुएं से बाहर निकाल लिया था। कहा कि पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर साक्ष्य छिपाने के लिए हत्या की नीयत से कुएं में फेंक दिया गया है। इस घटना के बाद दोनों समुदाय के बीच तनाव बना हुआ है।

भाजपा नेता ने दिया न्‍याय का भरोसा

पुलिस इंस्पेक्टर नवीन सिंह ने कहा कि इस घटना में एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामूहिक दुष्कर्म या हत्या का मामला सामने आएगा।

जानकारी मिलते ही भाजपा नेता मनोज सिंह व प्रमुख रामू बैठा मृतक छात्रा के घर पहुंचे व स्वजनों को सांत्वना दी। उन दोनों ने स्वजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

इस घटना के बाद वेदापहरी समेत आसपास के कई गांवों में मातम पसरा हुआ है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक छात्रा की मां बिरनी के एक स्कूल की सहायक अध्यापिका हैं।

chat bot
आपका साथी