चुनाव कर्मी की मौत, हंगामा

By Edited By: Publish:Thu, 10 Apr 2014 01:07 AM (IST) Updated:Thu, 10 Apr 2014 01:07 AM (IST)
चुनाव कर्मी की मौत, हंगामा

गिरिडीह/ सरिया (गिरिडीह) कोडरमा संसदीय सीट का मतदान कराने आए एक कर्मी की मौत बुधवार को सरिया हाई स्कूल स्थित चुनाव कोषाग में हो गई। इसे लेकर अन्य मतदान कर्मियों ने वहां जमकर हंगामा किया। मृतक के परिवार को मुआवजा व नौकरी दिए जाने की घोषणा के बाद कर्मी शांत हुए। इस बीच एक अन्य कर्मी भी बेहोश हो गया। इस बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीप्रवा लकड़ा ने बताया कि कर्मी को दिल का दौरा पड़ा था। तत्काल चिकित्सकीय टीम बुलाई गयी तब तक उसका देहावसान हो चुका था। मृतक के आश्रित को 10 लाख रुपया मुआवजा दिया जाएगा। वहीं बेहोश हुए कर्मी की स्थिति अब दुरुस्त है।

जानकारी के अनुसार पोलिंग पार्टी 93 के चुनाव कर्मी सह लघु सिंचाई विभाग डुमरी के कोषरक्षक परशुराम प्रसाद बुधवार को सरिया स्थित चुनाव कलस्टर में चुनाव कार्य में भाग लेने पहुंचे थे। इसी दौरान दिन के लगभग 11 बजे उनकी तबीयत खराब हो गई। उनके सहयोगियों ने पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी और एंबुलेंस व इलाज की व्यवस्था करने की मांग की। कर्मी की मौत और विभाग द्वारा समुचित बिजली, पंखा व पानी की व्यवस्था नहीं किए जाने से आक्रोशित कर्मियों ने करीब एक घटा तक जमकर हंगामा किया और डिस्पैच कार्य को रोके रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डुमरी एसडीओ पवन कुमार मंडल ने डीसी से वार्ता के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित मृतक के परिजन को 10 लाख मुआवजा देने की घोषणा की।

इस बीच बेंगाबाद निवासी चुनाव कर्मी सुनील मुर्मू भी बेहोश हो गए। उसे आनन फानन में इलाज के लिए सरिया प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इधर मौत की घटना के बाद मृतक के परिजन सरिया पहुंचे। मृतक की पत्नी विद्यावती देवी ने सरिया थाना को आवेदन देकर प्रशासन पर आरोप लगाते हुए मुआवजा की मांग की। लगभग ढाई घटा बाद सरिया पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। वहीं कुव्यवस्था को लेकर मतदान कर्मी में रोष था। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। सूचना पाकर बगोदर विधायक विनोद सिंह भी वहां पहुंचे और लोगों से घटना की जानकारी ली।

chat bot
आपका साथी