गोपीकांदर में तीन सड़क हादसों में दो की मौत

गोपीकांदर थाना क्षेत्र में शनिवार को तीन सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अलीम शेख को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 Jan 2022 10:21 PM (IST) Updated:Sat, 15 Jan 2022 10:21 PM (IST)
गोपीकांदर में तीन सड़क हादसों में दो की मौत
गोपीकांदर में तीन सड़क हादसों में दो की मौत

गोपीकांदर थाना क्षेत्र में शनिवार को तीन सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अलीम शेख को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान बाबईखोड़ा निवासी चुंडा सोरेन और रांगामिशन के चरण हांसदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लिया है।

देर शाम दुमका पाकुड़ मुख्य मार्ग में दुर्गापुर और मंजराबाडी गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 35 वर्षीय चुंडा सोरेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, उसके भाई संतोष सोरेन को हल्की चोटें आई। चुंडा स्कूटी से भाई के साथ साप्ताहिक हाट दुर्गापुर से घर लौट रहा था। तभी दुमका की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। पहिया के नीचे आ जाने से चुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। वहीं, दुमका पाकुड़ मुख्य मार्ग में रांगा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से राहगीर चरण हांसदा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। चरण दुर्गापुर हटिया से पैदल अपने घर रांगामिशन जा रहा था। वहीं, तीसरी घटना दुमका पाकुड़ मुख्य मार्ग में काताझरना के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बंगाल मुर्शिदाबाद जिले के मोहम्मदपुर टिकियापाडा के अलीम शेख घायल हो गए। अलीम मोटरसाइकिल से दुमका से अपने घर जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी बिलकन बागे ने बताया कि दोनों शव को कब्जे में ले लिया गया है। रविवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हंसडीहा में वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्ति घायल: हंसडीहा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के परमा गांव के समीप शुक्रवार की रात किसी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रामगढ़ प्रखंड के खुटहन गांव निवासी नाजिर मंडल व परमा गांव निवासी राधे कुंवर के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार दोनों व्यक्ति रामगढ़ के रास्ते अपने घर जा रहे थे। इसी क्रम में हंसडीहा के रास्ते रामगढ़ की ओर जा रही ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने हंसडीहा थाना प्रभारी आकृष्ट अमन को दी, जिसके तुरंत बाद एएसआइ गोपाल प्रसाद साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को इलाज के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राधे कुंवर को देवघर रेफर कर दिया।

chat bot
आपका साथी